T20I में ऐसा करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हार्दिक, धोनी-कोहली और रोहित सब फेल
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हो गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हो गया है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला रविवार को डबलिन के मैदान पर खेला गया। जहां हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने अपनी कप्तानी के करियर का आगाज जीत के साथ किया है। जीत के साथ ही हार्दिक के नाम पर एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। स्टार ऑलराउंडर ने वो कर दिखाया जो 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाले महेंद्र सिंह धोनी, रन मशीन विराट कोहली और हिटमैन रोहित शर्मा तक अपनी कप्तानी में नहीं पाए।
Recommended Video

हार्दिक ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
दरअसल, हार्दिक पांड्या भारत की ओर से T20I में गेंदबाजी करने और विकेट लेने वाले पहले कप्तान बने। टीम इंडिया की ओर से पांड्या से पहले किसी भी कप्तान ने न तो गेंदबाजी की थी और न ही विकेट चटकाया था। बतौर कप्तान हार्दिक ने अपनी दूसरी ही गेंद पर आयरिश कप्तान एंड्रयू बालबर्नी को दीपक हुड्डा के हाथों कैच आउट कराया। बता दें कि हार्दिक पांड्या T20I कप्तानी करने वाले 9वें भारतीय खिलाड़ी बने। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और ऋषभ पंत इस फॉर्मेट में कप्तानी कर चुके हैं।

बल्ले से भी दिखाया दम
बारिश के चलते पहला टी20 12-12 ओवर का कर दिया गया था। आयरलैंड ने टॉस हारकर पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 108 रन का स्कोर बनाया। भारत के सामने 109 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने 10वें ओवर ही सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गेंद से एक विकेट लेने के बाद कप्तान हार्दिक ने बल्ले से भी बढ़िया पारी खेली। पांड्या जब बैटिंग के लिए तब स्कोर 30/2 था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन भारतीय कप्तान ने दीपक हुड्डा के साथ 64 रन जोड़कर भारत को मैच में वापस ला खड़ा किया। हार्दिक 12 गेंदों पर 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने 3 गगनचंबी छक्के और 1 चौका लगाया। हुड्डा ने 29 गेंदों पर 47 रन की नाबाद पारी खेली।

मंगलवार को खेला जाएगा दूसरा मुकाबला
पहले मैच में 3 ओवर में केवल 11 रन देकर 1 विकेट लेने वाले युजवेंद्र चहल को ‘मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड मिला। भारत और आयरलैंड के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला मंगलवार, 28 जून को खेला जाएगा। जहां पांड्या एंड कंपनी सीरीज क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, तो वहीं मेजबान आयरलैंड टीम की नजर दूसरा मैच जीतकर सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म करने की होगी।












Click it and Unblock the Notifications