टीम इंडिया में इस धाकड़ की अनदेखी पर आगबबूला हुए हरभजन सिंह, सरेआम चयनकर्ताओं पर निकाला गुस्सा
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए घोषित हुई भारत की टी20 टीम में कुछ चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले। जहां 15 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली और श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार आईपीएल खिताब जिताने वाले धाकड़ बल्लेबाज रजत पाटीदार को एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया।
चयनकर्ताओं के इस फैसले पर हरभजन सिंह पूरी तरह आगबबूला हो गए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर सरेआम अपनी नाराजगी जाहिर की है। आइए जानतें हैं मंत्री ने क्या कहा और चयनकर्ताओं के इस फैसले पर भज्जी क्यों भड़क उठे।

रजत पाटीदार की अनदेखी पर भड़के भज्जी
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर रजत पाटीदार को टीम में शामिल न किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पाटीदार के आईपीएल आंकड़ों का हवाला देते हुए इस फैसले को पूरी तरह से नाइंसाफी करार दिया। भज्जी ने लिखा, 'भारतीय टीम में रजत पाटीदार का न होना बेहद दुखद है। उन्हें (टीम में आने के लिए) अब और क्या करने की जरूरत है? उन्होंने लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए। यह पूरी तरह से अनुचित है। वह आसानी से भारत के सर्वश्रेष्ठ मध्यक्रम बल्लेबाज हैं, जिनके पास बेहतरीन तकनीक और बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता है।'
श्रेयस की नियुक्ति पर बयान
इस टी20 टीम चयन में सबसे बड़ा उलटफेर सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाना रहा, जिन्होंने इसी साल भारत को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताया था। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जो विश्व कप टीम का हिस्सा भी नहीं थे। हरभजन सिंह ने श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान बनने पर बधाई तो दी, लेकिन साथ ही उन्होंने सूर्यकुमार यादव के लिए अपनी सहानुभूति भी व्यक्त की। सूर्या को अचानक नेतृत्व की भूमिका से हटाए जाने को भज्जी ने इस चयन प्रक्रिया का सबसे बड़ा और हैरान करने वाला मोड़ बताया।
वैभव सूर्यवंशी के चयन पर क्या बोले?
एक तरफ जहां हरभजन सिंह पाटीदार की अनदेखी से नाराज दिखे, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने 15 साल के बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी के चयन की जमकर सराहना की। वैभव आईपीएल में अपने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में चुने जाने वाले इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
भज्जी ने युवा खिलाड़ी की तारीफ करते हुए लिखा, 'वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बनकर इतिहास रचने पर बहुत-बहुत बधाई। इतनी कम उम्र में उन्होंने असाधारण प्रतिभा और दृढ़ संकल्प दिखाया है। उम्मीद है कि यह मील का पत्थर भारतीय क्रिकेट में एक लंबे और शानदार करियर की शुरुआत होगी। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।'














Click it and Unblock the Notifications