फैन ने वर्ल्ड कप के लिए MS Dhoni को दिया श्रेय, हरभजन सिंह ने ले लिया आड़े हाथों, ट्विटर पर वायरल हुई पोस्ट
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह सोशल मीडिया पर एक प्रशंसक से उस वक्त नाराज हो गए, जब उस व्यक्ति ने यह कहने की कोशिश की कि एमएस धोनी ने 2007 में भारत को टी20 विश्व कप जीता था।
WTC Final 2023: टीम इंडिया एक बार फिर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल गंवा चुकी है, और इस शिकस्त के बाद से कप्तान रोहित शर्मा समेत अन्य खिलाड़ियों की जमकर आलोचनाओं हो रही है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 209 रन के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीत लिया है। इस बीच एक फैंस ने कुछ ऐसा लिख दिया, जिसके बाद हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) खुद को जवाब देने से नहीं रोक सके।
दरअसल, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 में भारत की हार के बाद प्रशंसकों की प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भारत की हार के लिए डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहले गेंदबाजी करने के रोहित शर्मा के फैसले को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही प्रशंसकों के एक वर्ग ने भारत की आखिरी आईसीसी खिताबी जीत को याद करना शुरू कर दिया।

भारत ने 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से एक भी आईसीसी खिताब नहीं जीता है, एमएस धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया ने इस ट्रॉफी को जीता था। दिग्गज कप्तान के नेतृत्व में भारत ने तीन टूर्नामेंट जीते- टी20 विश्व कप 2007, वनडे विश्व कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी। इस दौरान एक यूजर ने लिखा कि एमएस धोनी ने एक कप्तान के रूप में अकेले भारत को टी20 विश्व कप फाइनल जिताया।
फैन ने ट्विटर पर लिखा- कोई कोच नहीं था, कोई मेंटर नहीं था। अधिकतर सीनियर प्लेयर ने इसमें शामिल होने से मना कर दिया था। इससे पहले उन्होंने कप्तानी नहीं की थी। इस व्यक्ति ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराया और कप्तान बनने के 48 दिन बाद टी20 वर्ल्ड कप जीता। वह यहां एमएस धोनी की बात कर रहे थे।
हरभजन ने तुरंत सोशल मीडिया पर यूजर के ट्वीट का जवाब दिया और कहा कि- हां, ये जब मैच खेलने गए तो ये युवा लड़का सिर्फ अकेले खेल रहा था, अन्य 10 प्लेयर नहीं खेल रहे थे। तो उन्होंने अकेले ही वर्ल्डकप की ट्रॉफी जीत ली। जब ऑस्ट्रेलिया या अन्य देश कोई वर्ल्डकप जीतता है तो लिखा जाता है ऑस्ट्रेलिया या वो देश जीत गया, लेकिन जब भारत जीतता है तो कप्तान जीतता है। हंसते हुए एक इमोजी शेयर करते हरभजन ने आगे लिखा- ये टीम का खेल है, सब मिलकर जीतते हैं और मिलकर ही हारते हैं।












Click it and Unblock the Notifications