रणजी ट्रॉफी के मैच में बुरी तरह जख्मी हुए हनुमा विहारी, आवेश खान की खतरनाक बाउंसर ने किया रिटायर्ड हर्ट
हनुमा विहारी रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में आवेश खान की एक तेज बाउंसर से बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। उन्हें चोट इतनी गंभीर लगी कि उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा।

रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टेस्ट टीम के खिलाड़ी और आंध्र प्रदेश के कप्तान हनुमा विहारी बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। दरअसल, टीम इंडिया के ही तेज गेंदबाज और रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की टीम से खेल रहे आवेश खान की एक तीखी बाउंसर से हनुमा विहारी जख्मी हो गए हैं। बताया जा रहा है कि आवेश खान का यह तेज बाउंसर हनुमा विहारी के बाएं हाथ में जाकर लगा, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। आंध्र प्रदेश की टीम के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि आंध्र ने मध्य प्रदेश के खिलाफ हनुमा के चोटिल होने से पहले ही 100 रन के अंदर दो विकेट गंवा दिए हैं।
आंध्र की टीम को लगा झटका
रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में आंध्र और मध्य प्रदेश की टीमें आमने-सामने हैं। मैच में आंध्र की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। आंध्र की शुरुआत तो अच्छी रही थी, लेकिन हनुमा विहारी की चोट ने टीम को बड़ा झटका दिया है। पहले दिन लंच तक आंध्र की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 95 रन बना लिए थे। हनुमा विहारी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, लेकिन उन्हें चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।
हनुमा ने की दोबारा बैटिंग करने की कोशिश
आवेश खान का जोरदार बाउंसर हनुमा विहारी के बाएं हाथ में जाकर लगा। गेंद लगते ही हनुमा घुटने के बल नीचे गिर गए। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए। इस दौरान हनुमा को दर्द से करहाते हुए देखा जा रहा था। इस दौरान हनुमा ने दोबारा बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बल्ला ही नहीं पकड़ा गया, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। रिटायर्ड हर्ट होने से पहले हनुमा विहारी ने 37 गेंदों में 16 रन बना लिए थे। उनकी जगह करण शिंदे बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर आए।












Click it and Unblock the Notifications