गौतम गंभीर मामले पर BCCI ने दिया साफ बयान, बताया कोच पद से होगी छुट्टी या पूरा करेंगे कार्यकाल
Gautam Gambhir: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) को लेकर पिछले कुछ दिनों से मीडिया में चल रही 'विदाई' की खबरों पर अब बड़ा बयान आया है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में मिली हार के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बीसीसीआई गंभीर को टेस्ट कोच के पद से हटा सकता है।
अब बोर्ड ने इन तमाम दावों को 'महज अफवाह' करार देते हुए गंभीर के भविष्य पर स्थिति साफ कर दी है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने तमाम अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि गौतम गंभीर को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है। उनके अनुसार मीडिया में चल रही बातों में कोई सच्चाई नहीं है।

Gautam Gambhir को लेकर बीसीसीआई का बयान
आजतक से बातचीत में देवजीत सैकिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टेस्ट क्रिकेट से जुड़े कोचिंग ढांचे में किसी भी तरह के बदलाव पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया गया है। उन्होंने दोहराया कि गौतम गंभीर अपने मौजूदा अनुबंध के तहत भारतीय टेस्ट टीम के कोच बने रहेंगे और उनके भविष्य को लेकर चल रही सभी अटकलें पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि भारत अब इंग्लैंड की तरह 'स्प्लिट कोचिंग' (अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग कोच) मॉडल अपनाएगा। हालांकि बीसीसीआई फिलहाल ऐसी किसी योजना पर काम नहीं कर रहा है। गौतम गंभीर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के हेड कोच बने रहेंगे।
Gautam Gambhir का टेस्ट में रहा खराब कार्यकाल
गौरतलब है कि गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम का परिणाम मिक्स रहा है। टीम इंडिया के हेड कोच के कार्यकाल में भारत को टेस्ट सीरीज में भारत में ही दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के सामने हार का सामना करना पड़ा है, जो काफी शर्मनाक बात है। इसी के चलते उनको टेस्ट फॉर्मेट से हटाकर वीवीएस लक्ष्मण को कोच बनाने की योजना पर खबरें सामने आई थीं लेकिन बोर्ड ने फ़िलहाल सभी अटकलों को ख़ारिज किया है। फ़िलहाल गौतम गंभीर के सामने टी20 वर्ल्ड कप एक बड़ी चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications