'वो अपने दम पर क्रिकेट खेला है', ट्रोलर्स को कोच गंभीर का करारा जवाब, सरेआम किया हर्षित राणा का बचाव!
Gautam Gambhir Defends Harshit Rana: वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। टीम वनडे सीरीज की तैयारी कर रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्तूबर को खेला जाएगा। इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी हो रही है। वहीं शुभमन गिल पहली बार वनडे टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
हर्षित राणा के चयन पर उठे सवाल (Gautam Gambhir Defends Harshit Rana)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चयन किए गए वनडे टीम में युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चयन को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व भारतीय ओपनर और पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णामाचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर हर्षित राणा के चयन पर सवाल उठाए थे। उन्होंने खुले तौर पर राणा को गौतम गंभीर का 'यस-मैन' बताया और कहा कि ऐसे चयन के साथ भारत 2027 वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीत पाएगा।

श्रीकांत ने गंभीर पर साधा निशाना
श्रीकांत ने कहा था कि टीम में सिर्फ एक ही परमानेंट सदस्य है, हर्षित राणा। कोई नहीं जानता कि वह टीम में क्यों है। चयन समिति को देखकर लगता है कि सर्वश्रेष्ठ यही है कि आप हर्षित राणा की तरह गंभीर के पक्के 'जी हुज़ूर' बनकर टीम में बने रहें। श्रीकांत के इस बयान पर टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अब तीखी प्रतिक्रिया दी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ़ दूसरा टेस्ट जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने श्रीकांत पर निशाना साधा।
कोच गंभीर का करारा जवाब
गौतम गंभीर ने साफ कहा कि यूट्यूब चैनल चलाने के लिए किसी 23 वर्षीय युवा खिलाड़ी को इस तरह व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना बेहद शर्मनाक है। गंभीर ने कहा कि यह थोड़ा शर्मनाक है कि आप एक 23 साल के बच्चे को निशाना बना रहे हैं। हर्षित के पिता कोई पूर्व-चेयरमैन, पूर्व-क्रिकेटर या एनआरआई नहीं हैं। सोशल मीडिया पर हर्षित को ट्रोल करना बिल्कुल गलत है।
गंभीर ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि टीम के सभी सदस्यों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ने में मदद करें। उन्होंने श्रीकांत से अपील की कि वह केवल अपने यूट्यूब चैनल को चलाने के लिए ऐसे बयान न दें। उन्होंने कहा कि आप मेरी आलोचना करें, मैं उसे 100% झेल सकता हूं। लेकिन 23 साल का लड़का सिर्फ 23 साल का लड़का होता है। यह स्वीकार्य नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications