पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बोले- मोटा होने के बावजूद पंत से बेहतर है यह पाक खिलाड़ी, लगाता है लंबे शॉट
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में दो धुर विरोधी टीम भारत और पाकिस्तान के फैन्स के बीच अक्सर अपने-अपने खिलाड़ियों को बेहतर बताने का प्रचलन रहा है, लेकिन पिछले कुछ सालों में यह प्रचलन पूर्व क्रिकेटर्स में भी बढ़ गया है। इसके तहत खेल जगत के पूर्व क्रिकेटर अपने-अपने देश के खिलाड़ियों की तुलना दूसरे देश के दिग्गज या फिर प्रतिभाशाली प्लेयर्स के साथ करते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के लिये महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने के बाद कई युवा विकेटकीपर्स का नाम आजमाया जा चुका है, हालांकि पिछले 2 साल में ऋषभ पंत ने टीम में अपनी जगह ज्यादा पक्की की है और टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलायी है।

दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी ऋषभ पंत की बल्लेबाजी के दीवाने हैं और उनकी शॉट रेंज की वजह से उन्हें टीम के लिये एक्स फैक्टर मानकर चलते हैं। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने बड़ा दावा करते हुए पाकिस्तान के ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज की तुलना ऋषभ पंत के साथ करते हुए बेहतर बताया है जिसने अब तक सिर्फ 3 ही अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच खेले हैं और उसमें भी छाप छोड़ पाने में नाकाम रहे हैं।
और पढ़ें: IND vs SL: टेस्ट सीरीज के लिये श्रीलंका ने किया टीम का ऐलान, करुणारत्ने संभालेंगे कमान

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में फेल रहे हैं आजम खान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोइन खान के बेटे आजम खान भी विकेटकीपिंग बल्लेबाजी में अपना नाम बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आजम खान इस समय पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद युनाइटेड की तरफ से खेल रहे हैं, जहां पर 23 साल के इस बल्लेबाज ने 10 पारियों में 256 रन बनाये हैं। इस दौरान आजम खान ने पाकिस्तान सुपर लीग में कुछ मैच जिताऊ पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत भी दिलायी है। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ खास प्रभावित नहीं किया है।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में डेब्यू करते हुए आजम खान 5 रन ही बना सके थे तो वहीं पर दूसरे मैच में एक रन बनाकर आउट हो गये थे। तीसरे मैच में आजम खान को बल्लेबाजी का ही मौका नहीं मिला। इसके बाद आजम खान को टी20 विश्वकप की टीम में पहले जगह दी गई थी लेकिन रमीज राजा के कमान संभालने के बाद जब टीम में बदलाव किया तो उन्हें फिर से बाहर कर दिया गया। इस बीच आजम खान पीएसएल में कुछ अच्छी पारियां खेलकर वापसी करने की कोशिश कर रहे हैं।

पंत से ज्यादा लंबे शॉट मार सकते हैं आजम खान
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट पीएसएल में आजम खान की इन पारियों से खासा प्रभावित नजर आ रहे हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आजम खान की तुलना ऋषभ पंत से कर डाली। सलमान बट्ट ने यह तुलना फैन के एक सवाल का जवाब देते हुए की जिसमें उसने पूछा था कि पंत और आजम में से कौन सा बल्लेबाज ज्यादा लंबे शॉट लगा सकता है।
अपने यूट्यूब चैनल पर इसका जवाब देते हुए बट ने कहा,'दोनों ही खिलाड़ी काफी बड़े हिटर हैं, पंत के पास बड़े शॉट लगाने के लिये रेंज ज्यादा है लेकिन आजम खान उनसे ज्यादा लंबे शॉट लगा सकते हैं। आप दोनों की फिटनेस को देखकर धोखा मत खाइये, आजम के पास सिर्फ मोटापा नहीं है, बल्कि काफी ताकत है जिसकी वजह से उन्हें बस थोड़ा सा दम लगाना है और वो उनसे ज्यादा लंबे शॉट लगा सकते हैं। अगर आजम खान शेप में आ जाते हैं दोनों के शॉट का अंतर भी बढ़ जायेगा। आजम खान बॉल को तेज मारते हैं और इसी वजह से गेंद ज्यादा दूर गिरती है।'

पंत के पास ज्यादा अनुभव है
बट ने आगे बात करते हुए कहा कि दोनों ही खिलाड़ी काफी प्रतिभाशाली हैं। ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में दुनिया भर की मुश्किल पिचों पर शतक लगा चुके हैं, तो जाहिर सी बात है कि वो आजम खान से ज्यादा खेले हैं और ज्यादा अनुभवी हैं। आजम खान को अभी भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाना बाकी है।
गौरतलब है कि ऋषभ पंत पिछले कुछ समय में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं और तीनों प्रारूप में विकेटकीपर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी निभाते हैं। फिलहाल उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया है लेकिन वो 4 मार्च से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications