'ये रील और लड़कियों के चक्कर में भटके हैं,' युवराज सिंह के पिता योगराज का किस स्टार खिलाड़ी पर फूटा गुस्सा?
अकसर अपने तीखे और बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके निशाने पर कोई और नहीं, बल्कि उनके बेटे युवराज सिंह के शिष्य और टीम इंडिया के उभरते स्टार अभिषेक शर्मा हैं। टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बाद योगराज सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
योगराज सिंह ने अभिषेक शर्मा की वर्क एथिक्स और फोकस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने 'इनसाइड स्पोर्ट' से बातचीत में सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, 'आप फेल इसलिए होते हैं कि आपका दिमाग कहीं और होता है। शुभमन गिल, अभिषेक के साथ क्या हो रहा है?

नाकामी तभी आती है जब आपका ध्यान कहीं और भटक जाता है। अभिषेक के साथ यही हो रहा है। यह लड़का रील बनाता रहता है जो इसका जॉब नहीं है। उसे रात 9 बजे तक बिस्तर पर चले जाना चाहिए, सुबह 5 बजे उठ जाना चाहिए और हजारों गेंदें खेलनी चाहिए।'
क्या अभिषेक शर्मा कभी युवराज सिंह की बराबरी कर पाएंगे?
युवराज सिंह को अभिषेक का गुरु माना जाता है, लेकिन योगराज सिंह का मानना है कि अभिषेक अभी अपने मेंटर के स्तर से कोसों दूर हैं। अनुशासन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, 'उसे युवराज सिंह के आस-पास पहुंचने के लिए एक और युग लग जाएगा। पूरा ब्रह्मांड अनुशासन पर चलता है। क्रिकेटरों को ऐसे ही काम करना चाहिए। क्रिकेटरों से गलती कहां हो रही है? हर समय पार्टियां, लड़कियां, पैसे, शूटिंग।'
अभिषेक की बैटिंग स्टाइल और 'यस सर' वाले मैसेज का क्या है सच?
योगराज सिंह ने खुलासा किया कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर भी अभिषेक को चेतावनी दी थी, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने अभिषेक के केवल 'पावर-हिटिंग' पर निर्भर रहने की आदत की आलोचना करते हुए कहा,
'मैं उससे बहुत निराश हूं। एक समय मैं उसे मेसेज किया करता था- इस खेल को हल्के में मत लो। वह हमेशा कहेगा- यस सर। सिंगल, डबल और बाउंड्री जैसी भी चीज होती है। हर समय आप गेंद को हवा में नहीं मार सकते। आप हमेशा भीड़ के मनोरंजन के लिए छक्के नहीं जड़ते रह सकते।'
T20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसा रहा अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन?
अभिषेक शर्मा को इस वर्ल्ड कप में 'मैच-विनर' माना जा रहा था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
- शुरुआत: टूर्नामेंट की शुरुआत उन्होंने लगातार 3 डक (0) के साथ की, जिसने उनकी लय बिगाड़ दी।
- आंकड़े: 8 मैचों में उन्होंने महज 17.62 की औसत से 141 रन बनाए।
- कमजोरी: वर्ल्ड कप के दौरान वह स्पिनर्स, खासकर ऑफ-स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए। हालांकि, उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 52 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन निरंतरता की कमी साफ दिखी।
योगराज सिंह के निशाने पर और कौन-कौन आया?
अभिषेक शर्मा ही नहीं, योगराज सिंह ने हाल ही में अनुभवी स्पिनर आर अश्विन को भी आड़े हाथों लिया था। अर्जुन तेंदुलकर को लेकर अश्विन द्वारा की गई टिप्पणी पर योगराज ने उन्हें 'बकवास' न करने की सलाह दी थी। योगराज का मानना है कि आज के युवा क्रिकेटर पैसे और रील लाइफ की चकाचौंध में अपने असली लक्ष्य से भटक रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications