अब इससे बुरा क्या होगा...खराब दौर से गुजर रहे विराट ने बनाया अपने करियर का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं।
नई दिल्ली, 18 जुलाई। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं। टेस्ट, वनडे से लेकर टी20 तक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रन मशीन के नाम से मशहूर विराट ने करीब 3 साल से कोई शतक नहीं लगाया है। इंग्लैंड दौरे पर भी कोहली का प्रदर्शन निराशजनक रहा है। सीरीज के आखिरी वनडे में भी वह फेल साबित हुए। निर्णायक मैच में विराट ने 22 गेंदों पर 17 रन की पारी खेली। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की 2 पारियों में 33 रन बनाए। इसके साथ ही विराट ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

कोहली ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। 14 साल के अपने वनडे करियर में उन्होंने अभी तक लगातार पांच पारियों में लगातार 20 रन से कम रन नहीं बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे में 17 रन पर आउट होती ही उन्होंने यह शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वनडे सीरीज के दूसरे मैच में कोहली ने 16 रन बनाए थे। वहीं पहला मैच भारत ने 10 विकेट से जीता था, ऐसे में कोहली को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। विराट कोहली ने अपनी पिछली पांच वनडे पारियों में 8, 18, 0, 16 और 17 रन बनाए हैं।

नवंबर 2019 में लगाया था शतक
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वनडे में अपना आखिरी शतक 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल शतक नवंबर 2019 में लगाया था। यह शतक बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में आया था। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया था। इस डे-नाइट टेस्ट मैच में कोहली ने 136 रन की पारी खेली थी। यह टीम इंडिया का पहला डे-नाइट टेस्ट था, जिसे उसने पारी और 46 रन से जीता था। फैंस को उम्मीद थी कि इंग्लैंड के खिलाफ कोहली शतक जड़ेंगे, पर वह इसमें नाकाम रहे। विराट अब एशिया कप में खेलत हुए नजर आ सकते हैं।

विराट कोहली का करियर
विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में 102 टेस्ट मैच की 173 इनिंग में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 262 वनडे में कोहली ने 57.68 की औसत और 92.83 के स्ट्राइक रेट से 12344 रन बनाए हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक जड़े हैं। वहीं 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में विराट ने 3308 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में एक भी शतक नहीं जड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications