Fantasy Sports: क्रिकेट इंडस्ट्री को बड़ा झटका, एक फैसले ने करा दिया 7,000 करोड़ का नुकसान!
Fantasy Sports: भारत में फैंटेसी स्पोर्ट्स और अन्य मनी-बेस्ड ऑनलाइन गेम्स पर केंद्र सरकार के बैन के बाद क्रिकेट इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। इस फैसले के कारण भारतीय क्रिकेट की अर्थव्यवस्था को करीब 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इसका असर क्रिकेट से जुड़े तमाम तरह की चीजों पर देखने को मिल सकता है।
खेल विज्ञापन का सबसे बड़ा स्त्रोत था फैंटेसी स्पोर्ट्स (Fantasy Sports)
फैंटेसी स्पोर्ट्स भारत में खेल विज्ञापन का सबसे बड़ा स्त्रोत बन चुका था। बड़ी कंपनियां आईपीएल, टीम इंडिया और अन्य टूर्नामेंट में मोटी रकम लगाती थीं। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस अचानक लिए गए फैसले से ब्रॉडकास्टर्स, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और राइट्स होल्डर्स की कमाई पर गहरा असर पड़ेगा। क्रिकेट के किसी भी टूर्नामेंट में फैंटेसी स्पोर्ट्स का अहम रोल रहा है।

ड्रीम11 का 358 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट खत्म
इस बैन का सबसे बड़ा असर बीसीसीआई और आईपीएल फ्रेंचाइजियों पर दिखेगा। टीम इंडिया के मुख्य स्पॉन्सर ड्रीम11 का 358 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है। वहीं, आईपीएल की बड़ी डील My11Circle (625 करोड़ रुपये) भी रद्द होने की कगार पर है। नए कानून के तहत मनी-बेस्ड गेम्स का विज्ञापन करना भी बैन है, जिससे ब्रांड्स ने तुरंत हाथ खींच लिए।
7,000 करोड़ रुपये का विज्ञापन मार्केट प्रभावित
अब एशिया कप 2025 9 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। उसके लिए भी टीम इंडिया के पास फिलहाल कोई मुख्य स्पॉन्सर नहीं है। बीसीसीआई नए स्पॉन्सर की तलाश में है और 2025-28 के लिए करीब 452 करोड़ रुपये की नई डील करने का लक्ष्य रख रहा है। फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनियां हर साल करीब 5,000 करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च करती थीं। इसके अलावा अन्य रियल मनी गेमिंग कंपनियां भी 2,000 करोड़ रुपये एड स्पेंड करती थीं। कुल मिलाकर करीब 7,000 करोड़ रुपये का विज्ञापन मार्केट प्रभावित होगा।
इस बैन से न सिर्फ क्रिकेट बल्कि पूरे एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री पर असर पड़ेगा। इंडस्ट्री को हर साल 7-8% की ग्रोथ की उम्मीद थी, लेकिन अब यह रफ्तार रुक सकती है। गूगल और मेटा जैसे डिजिटल दिग्गज भी इससे प्रभावित होंगे, क्योंकि इन कंपनियों को फैंटेसी स्पोर्ट्स से बड़ी कमाई होती थी। खबरों के मुताबिक जियो स्टार को सबसे ज्यादा नुकसान होने की संभावना है क्योंकि वह भारत के खेल मीडिया इकोसिस्टम का सबसे बड़ा ऑपरेटर है।












Click it and Unblock the Notifications