VIDEO: उड़ती हुई फ्लाईट में 'सचिन-सचिन' से गूंजा आसमान, तेंदुलकर हो गए काफी भावुक
सचिन तेंदुलकर की लोकप्रियता में आज भी कोई कमी नहीं है और फैन्स उनको अब भी उतना ही प्यार करते हैं, जितना पहले किया करते थे।

Sachin Tendulkar Video: सचिन तेंदुलकर भारत ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में भी खासे लोकप्रिय हैं। संन्यास के इतने समय बाद भी उनके फैन्स उनसे मिलने की चाह रखते हैं। जब वह मैदान पर खेलने के लिए जाते थे, तब सचिन-सचिन के नारों से स्टेडियम गूँज उठता था। आज भी दर्शकों के जेहन में वो आवाजें ताजा रहती हैं। ऐसा ही कुछ एक बार फिर से देखने को मिला है लेकिन यह मैदान से बाहर हुआ है। सचिन तेंदुलकर फ्लाईट से कहीं यात्रा कर रहे थे और उनके फैन्स ने उनके नारे लगाए। उस समय तेंदुलकर ने कुछ नहीं कहा लेकिन बाद में ट्विटर पर सभी फैन्स का धन्यवाद किया।
ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें फैन्स तालियाँ बजाते हुए सचिन-सचिन के नारे लगा रहे हैं। फ्लाईट में सचिन तेंदुलकर थे इसलिए फैन्स ने अपने आदर्श के लिए नारेबाजी की। यह ठीक उसी तरह हुआ जिस तरह सचिन के मैदान में होने पर हुआ करता था। फैन्स ने नारे लगाने के अलावा इस शानदार दृश्य का वीडियो शूट भी कर लिया और सोशल मीडिया पर डालते हुए कहा कि आज फ्लाईट में ऐसा हुआ। मैदान और मैदान से बाहर सचिन-सचिन की आवाज हमारे दिलों में आज भी है। हालांकि तेंदुलकर इस वीडियो में नहीं दिख रहे हैं क्योंकि वह सीट पर बैठे हुए हैं।
सचिन तेंदुलकर ने दी प्रतिक्रिया
ट्विटर पर यह वीडियो देखने के बाद तेंदुलकर ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यह वीडियो कोट करते हुए लिखा कि फ्लाईट में मेरे नाम के नारे लगा रहे लोगों को धन्यवाद, यह उस समय की याद दिलाता है जब मैं मैदान पर बैटिंग करने के लिए आता था। दुर्भाग्य से सीट बेल्ट के कारण मैं खड़ा होकर आप सभी का अभिवादन नहीं कर पाया। अब मैं आप सभी को हेलो कहता हूँ।
फैन्स को यह अंदाज आया पसंद
तेंदुलकर की तरफ से इस वीडियो पर प्रतिक्रिया आने के बाद फैन्स काफी खुश दिखे और इस दिग्गज को धन्यवाद कहा। कई लोग उनके खेलने के दिनों को याद करने लगे। करीबन 20 हज़ार लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है। 1300 से ज्यादा रीट्वीट इस वीडियो पर आए हैं। कई कमेंट्स भी देखने को मिले हैं। तेंदुलकर का यह अंदाज फैन्स ने काफी पसंद किया है क्योंकि हर दिन इस तरह के पल नहीं आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications