Explainer: कौन है वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाला यह खिलाड़ी? जिसे ऋषभ पंत की जगह मिली टीम में एंट्री
Who is N Jagadeesan: ऋषभ पंत को इंग्लैंड के मैनचेस्टर टेस्ट में लगी चोट कितनी गहरी है, यह पांचवें दिन के दौरान दिखा। वह बैसाखियों के सहारे चलते हुए आए थे और फोटो भी जमकर वायरल हुआ था। हालांकि पंत की बैटिंग नहीं आई। जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक जड़कर मैच ड्रॉ करा दिया था।
मुकाबले के बाद ही बीसीसीआई ने अगले मैच के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए पंत के बाहर होने की घोषणा कर दी। उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने का ऐलान भी हुआ। हालांकि एक विशेषज्ञ विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल टीम में हैं।

पंत की जगह टीम इंडिया में नारायण जगदीशन को शामिल किया गया है। उनको फर्स्ट क्लास के आंकड़ों और क्षमता को देखते हुए पंत की जगह टीम में लाया गया। जगदीशन की उम्र 29 साल है और उनको अपने इंटरनेशनल डेब्यू का बेसब्री से इंतजार है।
घरेलू क्रिकेट में आंकड़े
जगदीशन तमिलनाडु से आते हैं और वहीं से घरेलू क्रिकेट भी खेलते हैं। अगला टेस्ट मैच ओवल में खेला जाएगा। जगदीशन ने घरेलू क्रिकेट में 52 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं, इस दौरान उनके बल्ले से 3373 रन आए हैं। उन्होंने 14 फिफ्टी और 10 शतकीय पारियां खेली हैं।
इसके अलावा लिस्ट ए में भी जगदीशन के नाम का डंका बजा है, इसमें उन्होंने 64 मुकाबले खेलते हुए 2728 रन बनाए हैं। वहां उन्होंने 9 शतकीय पारियां खेली हैं और इतने ही अर्धशतक उनके बल्ले से आए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम ऐसा कीर्तिमान है, जो कोई अन्य खिलाड़ी नहीं कर पाया।
जगदीशन के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड
उन्होंने लगातार पांच पारियों में शतक जमाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। जगदीशन ने यह कारनामा विजय हजारे ट्रॉफी में किया था, यह साल 2022 की बात है। उस समय उनके बल्ले से जमकर रन बरसे थे। आईपीएल में वह केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। लम्बे समय तक खेलने के बाद अब उनको टीम इंडिया में जगह मिल गई है।












Click it and Unblock the Notifications