Exclusive: टेस्ट में धमाल मचाने को तैयार अर्शदीप सिंह, बचपन के कोच ने खोल कई राज
Arshdeep Singh Coach Exclusive Interview: भारत के उभरते तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने को तैयार हैं। सफेद गेंद से शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब उनका ध्यान रेड बॉल क्रिकेट पर है। अर्शदीप के बचपन कोच जसवंत राय ने हमारी सहयोगी वेबसाइट MY KHEL को हाल ही में दिए इंटरव्यू में कुछ जबरदस्त खुलासे किए हैं। जसवंत राय का मानना है कि उनका यह शिष्य टेस्ट फॉर्मेट में भी सफल रहेगा, क्योंकि उसमें स्विंग करने की जबरदस्त क्षमता है और वह दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हैं।
क्या है अर्शदीप की सबसे बड़ी ताकत (Arshdeep Singh Coach)
कोच जसवंत राय के मुताबिक अर्शदीप की सबसे बड़ी ताकत है कि वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कर सकता है। उन्होंने कहा कि उसके पास कलाई की बेहतरीन कला है और वह लंबे स्पेल में भी गेंदबाजी करना सीख गया है। उन्होंने बताया कि अर्शदीप पिछले डेढ़ साल से टेस्ट क्रिकेट की तैयारी कर रहा है और काउंटी क्रिकेट में केंट के लिए खेलने से उसे काफी अनुभव मिला है।

अर्शदीप का क्रिकेट सफर रहा है शानदार
अर्शदीप के क्रिकेट सफर की शुरुआत चंडीगढ़ के गुरु नानक स्कूल से शुरू हुई थी। जहां 13 साल की उम्र में उनके पिता ने उन्हें जसवंत राय को सौंपा था। उनके पिता खुद भी तेज गेंदबाज रहे हैं। तब से लेकर अब तक कोच और खिलाड़ी की यह जोड़ी लगातार आगे बढ़ती रही है। कोच के अनुसार अर्शदीप मानसिक रूप से बेहद मजबूत खिलाड़ी है। उन्होंने बताया कि जब भी टीम पर दबाव होता है, अर्शदीप और बेहतर खेलता है। 15-16 की उम्र में ही उसमें कुछ अलग करने की ललक थी, लेकिन हमने उसे सिखाया कि पहले सटीकता पर ध्यान दो, फिर विविधता खुद आएगी।
सच होने वाला है अर्शदीप का सपना
अर्शदीप ने टेनिस बॉल से यॉर्कर और सटीक गेंदबाजी का अभ्यास किया था, जिसका फायदा उसे आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मिला। आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के बाद जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाजों से उसे काफी कुछ सीखने को मिला। अब जब टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर है और कुछ सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी संभव है तो अर्शदीप को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो यह अर्शदीप और उनके कोच दोनों के लिए एक सपने के सच होने जैसा होगा।












Click it and Unblock the Notifications