'सिर्फ बल्ले से जवाब दें मुंह से नहीं', कपिल देव ने कोहली की खराब फॉर्म पर दिया दो टूक बयान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली के खराब फॉर्म पर बात करते हुए कहा है कि अगर वो प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रहते हैं तो उनसे सवाल पूछे जाना बिल्कुल सही है। कपिल देव ने पहले भी कई मौकों पर विराट कोहली के संघर्ष को लेकर अपनी बात बेबाकी से रखी है जिसके चलते उन्हें कई बार ट्रोल होना पड़ा। लेकिन पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी ने अपनी राय देते हुए इस बात पर जोर देते हुए कहा कि अगर खिलाड़ी रन नहीं बनाते हैं या फिर जितनी उनसे अपेक्षा है उस स्तर का प्रदर्शन नहीं करते हैं तो वो दूसरों से चुप रहने की उम्मीद नहीं कर सकते हैं।

Recommended Video
कपिल देव का मानना है कि लोगों का मुंह बंद कराने का सिर्फ एक ही तरीका है और वो है प्रदर्शन करना, लेकिन जब आप वो नहीं कर पाते हैं तो आपको उनसे चुप रहने की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिये।
और पढ़ें: IND vs ENG: 'यह मैच नहीं जंग होगी', सबा करीम ने बर्मिंघम टेस्ट को लेकर दिया बड़ा बयान

सिर्फ बल्ले से जवाब दें मुंह से नहीं
अनकट में बात करते हुए कपिल देव ने कहा,'मैंने विराट कोहली जितना क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन कई बार आप ज्यादा क्रिकेट नहीं खेलने के बावजूद उन चीजों को ढूंंढने की कोशिश करते हैं जो गलत हो रही हैं, या फिर हम किसी भी महान खिलाड़ी की आलोचना ही नहीं कर सकते। हमने क्रिकेट खेला और हम इस खेल को समझते हैं इसीलिये हम जानते हैं कि उन्हें अपनी मानसिकता को सुधारने की जरूरत है न कि हमें। अगर आप हमें गलत साबित करते हैं तो हमें अच्छा लगेगा। अगर आप रन नबीं बनायेंगे तो हमे लगेगा कि वहां पर कुछ गलती हुई है। हम सिर्फ एक चीज देखते हैं वो है आपका प्रदर्शन, अगर आप प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं तो इस बात की उम्मीद छोड़ दीजिये कि लोग चुप रहेंगे। आपका बल्ला और आपका प्रदर्शन बोलना चाहिये और कुछ नहीं।'

कोहली का खराब फॉर्म देख होता है दुख
कपिल देव ने अपनी बात को आगे रखते हुए कहा कि कोहली जिस क्लास के खिलाड़ी हैं उन्हें इतने लंबे समय तक बिना शतक के जाता देख काफी दुख होता है। कोहली ने आखिरी बार नवंबर 2019 में कोई भी शतकीय पारी खेली थी, जिसके बाद से उनकी फॉर्म लगातार ऊपर-नीचे होती नजर आई है। लगातार रनों की संख्या की कमी ने विराट कोहली पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है जिसे देखते हुए पूर्व कप्तान का मानना है कि यह भारतीय क्रिकेट और उनके फैन्स दोनों के लिये ही चिंता का विषय है।

चिंता का विषय है कोहली का फ्लॉप शो
कपिल देव ने कहा,'यह देखकर बड़ा दुख होता है कि विराट कोहली जैसे स्तर का खिलाड़ी शतक लगाने से इतने दिनों से दूर है। वह हमारे लिये एक हीरो की तरह है। हमने कभी नहीं सोचा था कि हम एक ऐसा खिलाड़ी देखेंगे जिसकी तुलना राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और वीरेंदर सहवाग से होगी लेकिन वो आये और उन्होंने अपने प्रदर्शन से हमें ऐसा करने पर मजबूर कर दिया। लेकिन पिछले दो सालों से वो ऐसा नहीं कर पा रहे हैं जो कि न सिर्फ मुझे बल्कि सभी क्रिकेट फैन्स को परेशान कर रहा है।'

अभ्यास मैच खेल रहे हैं कोहली
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 में विराट कोहली का बल्ला काफी शांत रहा और जिसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ हुई 5 मैचों की टी20 सीरीज से आराम लिया। इस छोटे से ब्रेक के बाद विराट कोहली भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले रिशेड्यूल्ड टेस्ट मैच में वापसी करते नजर आयेंगे, जिससे पहले उन्होंने लिस्टरशायर के खिलाफ बुधवार से शुरू हुए अभ्यास मैच में शिरकत की है।












Click it and Unblock the Notifications