बॉल टैंपरिंग विवाद में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ब्रैड हॉग ने किया जडेजा का समर्थन, दिया बड़ा बयान
ब्रैड हॉग ने जडेजा का समर्थन करते हुए कहा है कि इस भारतीय ऑलराउंडर ने नागपुर के वीसीए स्टेडियम में गेंद के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की थी, बल्कि उन्होंने वो दवाई अपने हाथ पर लगाई थी।
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा पर लग रहे बॉल टैंपरिंग के आरोपों पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ब्रैड हॉग ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हॉग ने जडेजा का समर्थन करते हुए कहा है कि इस भारतीय ऑलराउंडर ने नागपुर के वीसीए स्टेडियम में गेंद के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की थी, बल्कि उन्होंने वो दवाई अपने हाथ पर लगाई थी। ब्रैड हॉग ने कहा है कि इस विवाद को अब आगे बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है और न ही इस पर चर्चा की आवश्यकता है।

क्या कहा है ब्रैड हॉग ने ?
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ब्रैड हॉग ने एक ट्वीट में कहा है, "अगर आप बारीकी से देखें, तो पता चलेगा कि सिराज के हाथ में एक क्रीम थी जो एकदम साफ दिख रही थी। जडेजा ने उस क्रीम को अपनी उंगली पर लगाया था न कि उसे गेंद पर। इस मामले में आगे चर्चा की कोई आवश्यकता नहीं है।" आपको बता दें कि रवींद्र जडेजा पर बॉल टैंपरिंग का आरोप सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने ही लगाया था। फॉक्स न्यूज ने सबसे पहले जडेजा के इस वीडियो को लेकर सवाल खड़े किए थे। इस पूरे विवाद पर अभी जडेजा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

जड्डू के समर्थन में सलमान बट भी आए
रवींद्र जडेजा के समर्थन में पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान बट भी कूद पड़े हैं। उन्होंने कहा है कि इस मामले पर टिप्पणी करना भी सही नहीं है, सिर्फ अनपढ़ क्रिकेटर ही इस मामले को तूल दे रहे हैं। बट ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने रवींद्र जडेजा पर गेंद से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। लेकिन गेंद से छेड़छाड़ से एक स्पिनर को क्या फायदा होने वाला है? केवल क्रिकेट के अनपढ़ लोग ही इस तरह की टिप्पणी कर सकते हैं।"

क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि यह मामला तब उछला जब नागपुर टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने जडेजा के एक वायरल वीडियो पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। जिस वीडियो को लेकर हंगामा मचा था उसमें जडेजा मोहम्मद सिराज से एक पेस्ट लेते हैं और फिर उसे अपने हाथ में मलते हुए दिख रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने इसको लेकर दावा किया कि जडेजा ने वो पेस्ट बॉल पर लगाया था और गेंद से छेड़छाड़ की थी, लेकिन हकीकत यह थी कि जडेजा ने अपनी उंगली पर दवा लगाई थी, जिसमें उन्हें दर्द महसूस हो रहा था। इस घटना को लेकर मैच रेफरी ने भी पूरे मामले की समीक्षा की, जिसके बाद जडेजा को क्लीन चिट दे दी गई।












Click it and Unblock the Notifications