Joe Root ने तोड़ा ब्रायन लारा का ये बड़ा रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में हासिल की ये खास उपलब्धि
England vs West Indies, 3rd Test: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एजबेस्टन स्टेडियम में चल रहे तीसरे टेस्ट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जो रूट महान ब्रायन लारा को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। अब तक रूट ने 261 टेस्ट पारियों में 11,990 रन बनाए हैं।
ब्रायन लारा को छोड़ा पीछे
इससे पहले इस स्थान पर काबिज ब्रायन लारा ने अपने शानदार करियर के दौरान 232 पारियों में 11,953 रन बनाए थे। इस उपलब्धि ने लारा को सर्वकालिक सूची में आठवें स्थान पर धकेल दिया है। रूट ने इससे पहले वेस्टइंडीज के एक और महान खिलाड़ी शिवनारायण चंद्रपॉल को पीछे छोड़ा था, जिन्होंने 11,867 रन बनाए थे।

ऐसा रहा है रूट का टेस्ट करियर
रूट ने दिसंबर 2012 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और तब से अब तक 143 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 32 शतक और 63 अर्धशतक बनाए हैं। मौजूदा सीरीज में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है, पिछले मैच में उन्होंने शतक और मौजूदा टेस्ट में अर्धशतक जड़ा है।
सचिन तेंदुलकर लिस्ट में हैं टॉप पर
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 200 मैचों में 15,921 रन बनाए हैं। तेंदुलकर के नाम टेस्ट में सबसे ज़्यादा शतक (51) और अर्धशतक (68) बनाने का रिकॉर्ड भी है। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने 168 टेस्ट मैचों में 13,378 रन बनाए हैं।
राहुल द्रविड़ ने भी दिखाया है दम
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक्स कैलिस 166 मैचों में 13,289 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद भारत के राहुल द्रविड़ हैं जिन्होंने 164 टेस्ट मैचों में 13,288 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के एलिस्टर कुक 161 टेस्ट मैचों में 12,472 रन बनाकर पांचवें स्थान पर हैं।
जानिए मैच का हाल
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट में क्रेग ब्रैथवेट की टीम ने अपनी पहली पारी में 282 रन बनाए। इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और ओपनर बेन डकेट केवल तीन रन ही बना पाए। जैक क्रॉले और ओली पोप ने क्रमशः केवल 18 और 10 रन का योगदान दिया।
स्थिति तब और खराब हो गई जब मार्क वुड रन बनाने में विफल रहे और हैरी ब्रूक दो रन बनाकर आउट हो गए। बारहवें ओवर के अंत तक इंग्लैंड ने सिर्फ़ 54 रन पर पांच विकेट खो दिए थे। इस पतन के बीच जो रूट एक छोर पर डटे रहे और बेन स्टोक्स के साथ मिलकर 100 से अधिक रनों की साझेदारी निभाई।












Click it and Unblock the Notifications