एशेज से पहले इंग्लैंड की चाल! 3 साल बाद स्टार खिलाड़ी की वापसी, सीरीज से दो महीने पहले टीम घोषित
England Team for Ashes: बेन स्टोक्स इस समय अपने कंधे की चोट से ठीक हो रहे हैं लेकिन एशेज सीरीज की टीम का कप्तान उनको ही बनाया गया है। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवंबर में होने वाली एशेज सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कुल 16 नामों को शामिल किया है।
एशेज से पहले इंग्लिश टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर भी जाना है और वहां से ऑस्ट्रेलिया जाकर टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। कीवी टीम के खिलाफ इंग्लैंड वनडे और टी20 सीरीज खेलने वाली है। उसकी टीम भी घोषित कर दी गई है।

इंग्लैंड की 16 सदस्यीय एशेज टीम में मैथ्यू पॉट्स और विल जैक्स को जगह दी गई है। जैक्स ने उंगली की चोट के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे और टी20 सीरीज मिस की थी, लेकिन उम्मीद है कि वे एशेज से पहले पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे।
3 साल बाद खिलाड़ी की वापसी
मैथ्यू पॉट्स ने आखिरी टेस्ट दिसंबर 2024 में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेला था, जबकि सरे के विल जैक्स दिसंबर 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी बार टेस्ट टीम का हिस्सा थे। इसका मतलब यह है कि जैक्स लगभग तीन साल के बाद टेस्ट टीम में वापस आए हैं।
हैरी ब्रूक बने उपकप्तान
इस काउंटी सीज़न में पॉट्स ने अब तक 10 मैचों में 28 विकेट झटके हैं, जिसमें उनका बेस्ट 84 रन देकर 4 विकेट रहा है। दूसरी ओर जैक्स ने सिर्फ तीन पारियों में बल्लेबाज़ी की है और 136 रन बनाए हैं, जिनमें से 119 रन एक ही पारी में आए हैं। एशेज में ओली पोप को रिप्लेस करते हुए हैरी ब्रूक को उपकप्तान बनाया गया है।
इंग्लैंड का कैसा रहेगा शेड्यूल
इंग्लैंड की टीम न्यूज़ीलैंड दौरे की शुरुआत 18 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले से करेगी। इसके बाद वनडे सीरीज़ का आगाज़ 26 अक्टूबर को माउंट माउंगानुई में होगा, जो 1 नवंबर को समाप्त होगी।
न्यूज़ीलैंड दौरे के तुरंत बाद एशेज की टीम नवंबर के दूसरे हफ्ते में पर्थ पहुंच जाएगी। इसका पहला टेस्ट 21 नवंबर से ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज़ ब्रिसबेन, एडिलेड और मेलबर्न का रुख करेगी और जनवरी की शुरुआत में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में इसका समापन होगा।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंग्लैंड की टीम
वनडे: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जैमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट, जैमी स्मिथ, ल्यूक वुड।
टी20: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, सनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, जॉर्डन कॉक्स, ज़ैक क्रॉली, सैम करन, लियाम डॉसन, जैमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, ल्यूक वुड।
एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक (उपकप्तान), ब्रायडन कार्स, ज़ैक क्रॉली, बेन डकेट, विल जैक्स, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जो रूट, जैमी स्मिथ, जोश टंग, मार्क वुड।












Click it and Unblock the Notifications