इंग्लैंड से 39 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाला खिलाड़ी अब जिम्बाब्वे से खेलेगा, टी20 टीम में किया गया शामिल
जिम्बाब्वे ने आयरलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा की है। टीम में इंग्लैंड में जाकर खेलने वाला खिलाड़ी वापस आ गया है।

ZIM vs IRE: जिम्बाब्वे ने आयरलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर दी है। मेजबान टीम में कुल 15 खिलाड़ी शामिल किये गए हैं। यह सीरीज 12 जनवरी से शुरू होने वाली है। तीन मैच इसमें खेले जाएंगे। टीम में चौकाने वाला एक खिलाड़ी शामिल किया गया है। इंग्लैंड से खेल चुके गैरी बैलेंस को जिम्बाब्वे ने अपने साथ जोड़ने का निर्णय लेते हुए टीम में शामिल किया है। यह थोड़ा हैरान करने वाला निर्णय कहा जा सकता है।
गैरी बैलेंस इंग्लैंड से खेले हैं
साल 2006 के अंडर 19 वर्ल्ड कप में गैरी बैलेंस ने जिम्बाब्वे की तरफ से खेले थे। इसके बाद वह इंग्लैंड शिफ्ट हो गए थे। वहां से उनको इंग्लैंड टीम के लिए खेलने का मौका मिल गया। टेस्ट और वनडे प्रारूप में गैरी इंग्लैंड के लिए खेले थे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 23 मुकाबले खेले थे। इसके अलावा एकदिवसीय प्रारूप में उन्होंने 16 मैच खेले थे टी20 में उनको खेलने का मौका नहीं मिला। साल 2017 में वह अंतिम बार इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में खेले थे। यॉर्कशायर काउंटी में नस्लभेद को लेकर भी उनके साथ विवाद जुड़ा था।
दो साल के लिए जिम्बाब्वे से जुड़े हैं
इससे पहले बैलेंस ने जिम्बाब्वे के साथ दो साल खेलने के लिए डील की है। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जिम्बाब्वे से खेलेंगे। बैलेंस ने डील साइन करने के बाद कहा था कि मैं जिम्बाब्वे क्रिकेट के साथ जुड़कर रोमांचित महसूस कर रहा हूँ और कुछ महान कोचों और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के साथ खेलने के लिए और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकता हूँ। उन्होंने यह भी कहा कि जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलके से मेरे अंदर एक नया जोश और उत्साह आया है।
कुछ बड़े खिलाड़ी टीम से बाहर रहेंगे
जिम्बाब्वे के दिग्गज खिलाड़ी सिकंदर रजा इस समय बांग्लादेश प्रीमियर लीग में खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में वह आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में नहीं खेलेंगे। उनके अलावा मिल्टन शुम्बा और रेजिस चकाबवा भी टीम में नहीं हैं। उनके बेहतरीन गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी चोट से ठीक नही हुए हैं। इसलिए वह भी टीम में शामिल नहीं हैं।चतारा और एनगारवा टीम के गेंदबाजी आक्रमण को लीड कर सकते हैं।
जिम्बाब्वे की टीम में ये खिलाड़ी हैं
क्रैग इरविन (कप्तान), गैरी बैलेंस, रयान बरल, तेंदाई चतारा, ब्रेडली इवांस, ल्युक जोंगवे, इनोसेंट काया, क्लाइव मंडाडे, वेस्ले मैधेवेरे, तदिवानशे मरुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, रिचर्ड एनगारवा, विक्टर न्याउची, सीन विलियम्स।












Click it and Unblock the Notifications