ENG vs SA: इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से दी करारी मात, 2-1 से जीती सीरीज
इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड की टीम ने यह सीरीज 2-1 से जीतने में कामयाबी हासिल की।
नई दिल्ली, 12 सितंबर। इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड की टीम ने यह सीरीज 2-1 से जीतने में कामयाबी हासिल की। पहला टेस्ट बुरी तरह से हारने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने दमदार वापसी करते हुए अगले दोनों मैच को बड़े अंतर से अपने नाम किया। बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम के खिलाड़ियों का इस टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन रहा।

इंग्लैंड ने 9 विकेट से जीता मुकाबला
इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को तीसरे टेस्ट मैच में 9 विकेट से पटखनी देते हुए सीरीज जीत ली है। टेस्ट मैच के पांचवें दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 33 रनों की जरूरत थी और उसके हाथ में 10 विकेट बचे हुए थे। इंग्लैंड ने एलेक्स लीस का विकेट खोकर इस मुकाबले को आसानी से 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाड़ियों द्वारा इस तरह के प्रदर्शन की हर कोई तारीफ कर रहा है।

ऑली रोबिनसन ने झटके 7 विकेट
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पहली पारी में 40 रन से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी भी जल्द ही सिमट गई। दूसरी पारी में अफ्रीकी बल्लेबाज ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं बना सके और महज 169 रन पर पूरी टीम ऑल आउट हो गई। इंग्लैंड ने इसके बाद 22.3 ओवर में जीत के लिए मिले 130 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इंग्लैंड की ओर से ऑली रोबिनसन ने इस मैच की दोनों पारियों में 7 विकेट झटकने का काम किया। जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

बेन स्टोक्स ने गेंद और बल्ले से मचाया धमाल
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इस पूरे सीरीज के दौरान गेंद और बल्ले दोनों से ही कमाल का परफॉर्मेंस दिया। उन्होंने इस सीरीज के दौरान 10 विकेट लेने के साथ बल्ले से 149 रन का योगदान दिया। यही वजह है कि उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विश्व टेस्ट चैम्पियन न्यूजीलैंड को 3-0 से हराने के बाद भारत को पांचवें टेस्ट में पटखनी देते हुए अब अफ्रीका को इंग्लैंड ने हराकर जीत के सिलसिले को बरकरार ऱखा है।












Click it and Unblock the Notifications