बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद बोले केविन पीटरसन, मुझे तो ECB ने टी20 फॉर्मेट में बैन कर दिया था
लंदन, जुलाई 20। इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के वनडे फॉर्मेट से रिटायरमेंट के बाद विश्व क्रिकेट में एक नई चिंता पैदा हो गई है, क्योंकि अक्सर खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट को पहले अलविदा कहते हैं और बाद में टी20 और वनडे से संन्यास लेते हैं, लेकिन बेन स्टोक्स जैसे तगड़े खिलाड़ी ने पहले वनडे से रिटायर होकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। क्रिकेट के तमाम दिग्गज खिलाड़ी स्टोक्स के फैसले से हैरान हैं। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने स्टोक्स के रिटायरमेंट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मुझे ईसीबी ने टी20 क्रिकेट में बैन कर दिया था- पीटरसन
केविन पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को आड़े हाथ लेते हुए उसपर निशाना साधा है। पीटरसन ने कहा है कि एक बार मैंने अपने करियर के दौरान यह बात कही थी कि बिजी शेड्यूल का मैं सामना नहीं कर पा रहा हूं, इसलिए मैंने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी, लेकिन बाद में ईसीबी ने मुझे टी20 फॉर्मेट में भी बैन कर दिया था। आपको बता दें कि केवीन पीटरसन के इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के साथ संबंध कभी ठीक तो कभी खराब रहे हैं। ईसीबी के साथ उनका विवाद होता रहा है।
बेन स्टोक्स ने कल खेला था आखिरी वनडे मैच
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे से एक दिन पहले वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बेन स्टोक्स ने कहा था कि वो अब बिजी शेड्यूल की वजह से तीनों फॉर्मेट एकसाथ नहीं खेल पा रहे हैं, उनका शरीर अब साथ नहीं देगा, इसलिए वो वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हैं। बेन स्टोक्स ने कहा था कि मुझे लगता है कि मैं वनडे टीम में एक खिलाड़ी की जगह खराब कर रहा हूं। बता दें कि बेन स्टोक्स का वनडे करियर 11 साल तक चला।












Click it and Unblock the Notifications