Don Bradman: करोड़ों की निकली ब्रैडमैन की 'जादुई टोपी', नीलामी में लगी इतनी ऊंची बोली कि बन गया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Don Bradman, Green cap: क्रिकेट के इतिहास में 'द डॉन' के नाम से मशहूर सर डॉन ब्रैडमैन की एक पुरानी टेस्ट कैप (बैगी ग्रीन) ने नीलामी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुई एक नीलामी में यह ऐतिहासिक कैप 4,60,000 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 2.92 करोड़ भारतीय रुपये) में बिकी। यह किसी भी ब्रैडमैन कैप के लिए अब तक की सबसे ऊंची कीमत है।
भारतीय खिलाड़ी को मिला था गिफ्ट (Don Bradman, Green cap)
यह कैप साल 1947-48 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज की है, जो स्वतंत्र भारत का पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा था। सर डॉन ब्रैडमैन ने खेल भावना और मित्रता के प्रतीक के रूप में यह कैप भारतीय क्रिकेटर श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को भेंट की थी। सोहोनी परिवार ने इस अनमोल धरोहर को तीन पीढ़ियों तक, यानी करीब 75 से अधिक वर्षों तक बेहद संभाल कर रखा था।

टोपी के लिए आखिर क्यों मिले इतने पैसे
नीलामी विशेषज्ञों के अनुसार इस कैप की इतनी ऊंची कीमत मिलने के पीछे दो मुख्य कारण रहे। 75 साल पुरानी होने के बावजूद यह कैप बहुत अच्छी स्थिति में है। इससे पहले 2024 में बिकी एक अन्य ब्रैडमैन कैप (3,11,000 AUD) के मुकाबले यह काफी सुरक्षित थी। दूसरा इस कैप के अंदर सर डॉन ब्रैडमैन और एस.डब्ल्यू. सोहोनी, दोनों के नाम लिखे हुए हैं।
म्यूजियम में दी जा सकती है जगह
हालांकि, इस कैप को खरीदने वाले शख्स ने अपनी पहचान गुप्त रखी है। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बेशकीमती धरोहर को जल्द ही किसी म्यूजियम में प्रदर्शित किया जा सकता है। इससे दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी खेल इतिहास के इस अहम हिस्से को करीब से देख सकेंगे। सर डॉन ब्रैडमैन का नाम क्रिकेट में उस ऊंचाई पर है जिसे छूना आज भी नामुमकिन माना जाता है।
दमदार रहा है करियर
उन्होंने अपने करियर के 52 टेस्ट मैचों में 99.94 की दमदार औसत से रन बनाए। उनके नाम 29 शतक और 12 दोहरे शतक दर्ज हैं। यह विडंबना ही है कि अपने आखिरी टेस्ट मैच में उन्हें 100 की औसत हासिल करने के लिए सिर्फ 4 रनों की जरूरत थी, लेकिन वे शून्य पर आउट हो गए। साल 2001 में 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ, लेकिन उनकी यादें और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई चीजें आज भी दुनिया भर के खेल प्रेमियों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications