जानिए आखिर किसने ICC से मांगी 830 करोड़ रुपये की छूट, टी 20 वर्ल्ड कप की वजह से हुआ बड़ा नुकसान
T20 World Cup coverage News: साल 2024 का टी 20 विश्व कप भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यादगार रही। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। 29 जून को बारबाडोस में हुई इस जीत ने भारत के लिए 11 साल का खिताबी सूखा खत्म कर दिया। अमेरिका और वेस्टइंडीज में आयोजित यह टूर्नामेंट भारतीय फैंस के लिए यादगार था, लेकिन सभी को इसका फायदा नहीं मिला।
डिज़्नी-स्टार को बड़ा नुकसान
भारत की जीत के बावजूद डिज्नी-स्टार को काफी वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ा। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार डिज्नी-स्टार ने टी20 विश्व कप मैचों के दौरान हुए नुकसान के कारण अपने प्रसारण सौदे पर 100 मिलियन डॉलर यानी 830 करोड़ रुपये की छूट का अनुरोध करते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को दो पत्र भेजे। पिछले साल ICC ने डिज्नी-स्टार को 3 बिलियन डॉलर (लगभग 25 हजार करोड़ रुपये) में प्रसारण अधिकार बेचे थे, जिसकी शुरुआत इसी टी20 विश्व कप से हुई थी।

अमेरिका में पहली बार हुए कई मैच
अमेरिका में कई मैच पहली बार खेले गए जिनमें कुछ ग्रुप स्टेज गेम और कैरेबियन में फाइनल शामिल हैं। न्यूयॉर्क के नैसो काउंटी में एक अस्थायी स्टेडियम बनाया गया, जहां पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला गया। हालांकि, कई मैच उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, जिससे डिज्नी-स्टार को वित्तीय नुकसान हुआ।
सामने आई बड़ी वजह
डिज्नी-स्टार ने कई ऐसे मैचों का जिक्र किया है। जिनकी वजह से डिज्नी-स्टार को नुकसान का सामना करना पड़ा। 15 जून को लॉडरहिल में होने वाला भारत-कनाडा मैच शुरू होने से पहले ही बारिश के कारण रद्द कर दिया गया, जिससे काफी वित्तीय नुकसान हुआ। इसके अलावा न्यूयॉर्क में भारत-पाकिस्तान मैच कम स्कोर वाला था और उम्मीद के मुताबिक दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाया।
डिज्नी-स्टार ने जाहिर की नाराजगी
त्रिनिदाद में अफ़गानिस्तान और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए पहले सेमीफ़ाइनल में भी डिज्नी-स्टार को नुकसान झेलना पड़ा था क्योंकि यह मैच सिर्फ़ 20-21 ओवर में ही समाप्त हो गया था। पिछले महीने कोलंबो में हुई ICC बोर्ड मीटिंग में इन बातों पर चर्चा की गई थी। डिज्नी-स्टार ने कई मैचों के समय और उनके विपणन के तरीके के बारे में भी चिंता जताई।












Click it and Unblock the Notifications