डेविड वॉर्नर नाम के खतरे से निपटने में काम आएगा टीम इंडिया का यह स्पिनर, 10 बार कर चुका है Out
आर अश्विन के खिलाफ डेविड वॉर्नर का बल्ला अक्सर खामोश रहता है। अश्विन के खिलाफ 18 पारियों में डेविड वॉर्नर 10 बार आउट हो चुके हैं।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज 9 फरवरी से नागपुर में हो रहा है। सीरीज के पहले टेस्ट मैच की तैयारी दोनों टीमें जोरशोर से कर रही हैं। सीरीज के आगाज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को दो बड़े झटके तो लग चुके हैं। टीम के दो स्पेशल गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड चोट के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन इसके बावजूद भी ऑस्ट्रेलियाई बहुत मजबूत नजर आ रही है। टीम का बैटिंग लाइन अप अभी भी इतना खतरनाक है कि भारतीय गेंदबाजों की उनके सामने कड़ी परीक्षा होगी। वॉर्नर और स्मिथ की जोड़ी से निपटने के लिए भारतीय गेंदबाजों को खास तैयारी की जरूरत है।

अश्विन vs वॉर्नर की बैटल होगी शानदार
डेविड वॉर्नर का हालिया टेस्ट फॉर्म बहुत ही शानदार है। वॉर्नर ने दिसंबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में डबल सेंचुरी लगाई थी। वो मैच वॉर्नर के टेस्ट करियर का 100वां टेस्ट था। उससे पहले वॉर्नर फॉर्म हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन वॉर्नर अब फॉर्म में लौट आए हैं। ऐसे में टीम इंडिया को वॉर्नर पर लगाम लगाने की सोचनी होगी। वॉर्नर को बांध कर रखने के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आर अश्विन का इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि अश्विन के सामने वॉर्नर का बल्ला खामोश रहता है। अश्विन के खिलाफ वॉर्नर के आंकड़े कुछ यही बयां करते हैं।

अश्विन के खिलाफ डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड
आपको बता दें कि डेविड वॉर्नर का अश्विन के खिलाफ रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं है। टेस्ट मैच की 18 पारियों में अश्विन ने वॉर्नर को 10 बार आउट किया है, जबकि वॉर्नर ने अश्विन के खिलाफ 20 से भी कम की औसत से रन बनाए हैं। वॉर्नर का अश्विन के खिलाफ औसत सिर्फ 18.2 का है। डेविड वॉर्नर को टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा बार आउट करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम है। उन्होंने वॉर्नर को 14 बार आउट किया है। अश्विन इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने वॉर्नर को 10 बार आउट किया है।

वॉर्नर की है खास तैयारी
वैसे डेविड वॉर्नर भी खुद इस बात को जानते हैं कि उन्हें अश्विन के खिलाफ संघर्ष करना पड़ता है और इस बार वो इस बैटल के लिए खास तैयारी भी कर रहे हैं। बेंगलुरु में डेविड वॉर्नर अपने ट्रेनिंग कैंप में एक स्पेशल ट्रेनिंग ले रहे हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में वॉर्नर बाएं हाथ के अलावा दाएं हाथ से भी बल्लेबाजी करने की प्रैक्टिस कर रहे हैं। वॉर्नर के इस तरीके से साफ है कि वो भारतीय स्पिनरों के खिलाफ एक खास तैयारी में जुटे हैं। हो सकता है स्पिनर्स के खिलाफ वॉर्नर अधिक से अधिक रिवर्स स्वीप शॉट खेलें।












Click it and Unblock the Notifications