ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर डेमियन मार्टिन किस बीमारी से पीड़ित, जिन्दगी और मौत के बीच कोमा में है यह खिलाड़ी
Damien Martyn: क्रिकेट जगत के लिए साल 2025 का अंत एक बेहद बुरी खबर के साथ हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार बल्लेबाज डेमियन मार्टिन (Damien Martyn) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है और पूरा क्रिकेट जगत उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 54 वर्षीय मार्टिन को मेनिनजाइटिस (Meningitis) नाम की जानलेवा बीमारी हुई है, जिसके बाद उन्हें 'इंड्यूस्ड कोमा' (Induced Coma) में रखा गया है। मार्टिन ने लंबे समय तक ऑस्ट्रेलियाई टीम के सेवा की है।

बॉक्सिंग डे पर बिगड़ी थी तबीयत
खबरों के मुताबिक, डेमियन मार्टिन की तबीयत 26 दिसंबर यानी 'बॉक्सिंग डे' के दिन अचानक खराब हुई थी। उन्हें तेज बुखार और शरीर में काफी कमजोरी महसूस हो रही थी। जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें तुरंत ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि उन्हें मेनिनजाइटिस है, जो मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास की सुरक्षात्मक झिल्ली में होने वाली एक खतरनाक सूजन है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोमा में रखने का फैसला किया ताकि उनके शरीर पर दबाव कम किया जा सके।
मार्टिन के लिए दुआओं का दौर
मार्टिन के पूर्व साथी और दिग्गज विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मार्टिन को बेहतरीन इलाज मिल रहा है और उनका परिवार फिलहाल इस मुश्किल घड़ी से गुजर रहा है। गिलक्रिस्ट के अलावा डैरेन लेहमन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने भी उनके लिए प्रार्थना की है। सोशल मीडिया पर फैंस भी अपने पसंदीदा खिलाड़ी की सलामती के लिए संदेश लिख रहे हैं।
भारत के लिए बुरा सपना साबित हुए थे मार्टिन
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए डेमियन मार्टिन का नाम 2003 वर्ल्ड कप फाइनल की उस याद से जुड़ा है, जिसे वे कभी भूल नहीं सकते। उस मैच में मार्टिन ने टूटी हुई उंगली के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 88 रन बनाए थे और रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर भारत से जीत छीन ली थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट और 208 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम कई शानदार शतक दर्ज हैं। अपनी स्टाइलिश बल्लेबाजी के लिए मशहूर मार्टिन आज अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी पिच पर संघर्ष कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications