CWG 2022, IND vs AUS: हरमनप्रीत, शैफाली की पारियों के दम पर भारत ने दिया 155 रनों का लक्ष्य
बर्मिंघम, 29 जुलाई: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक शुरुआत हुई जहां पर पहला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहा है। यह ओवरऑल क्रिकेट के साथ-साथ महिला क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि इंटरनेशनल लेवल का गेम पहली बार इस तरह के मल्टी इवेंट में आया है। इसके लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी ने काफी पैरवी की थी जिसका नतीजा हमें इस मुकाबले के तौर पर देखने को मिल रहा है।

मैच में टॉस जीतने के बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और कप्तान हरमनप्रीत कौर, शैफाली वर्मा की पारियों के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए।
भारतीय ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दी। यह साझेदारी तेज थी पर लंबी नहीं। इस दौरान अधिकतर स्ट्राइक स्मृति मंधाना के ही पास रही जिन्होंने 25 रनों की इस भागीदारी में 24 रन बना दिए। उन्होंने केवल 17 गेंदों का सामना करते हुए 5 दर्शनीय चौके लगाए। उनका विकेट डॉर्सी ब्राउन ने लिया और हिली ने उनको कैच आउट किया।
इसके बाद शैफाली वर्मा ने यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर कुछ रन जोड़े। इस भागीदारी में वर्मा ने ही पूरी तरह डोमिनेट किया और यास्तिका को केवल 8 रन बनाने दिए। आखिरकार 12 गेंदों पर 8 रनों की यास्तिका की पारी का अंत रन आउट के रूप में हुआ और तब तक भारत का स्कोर 9.1 ओवर में 68 विकेट हो गया था।
इसके बाद भी वर्मा के बल्ले से रन निकलने जारी रहे। जब वे अर्धशतक और भारत एक बढ़िया स्कोर की ओर बढ़ रहा था तभी भारत को करार झटका लगा और शैफाली 48 रनों पर आउट हो गईं। मात्र 2 रन से अर्धशतक से चूकने वालीं वर्मा ने केवल 33 गेंद खेली और 9 चौके लगाए। उनको जोनासेन ने आउट किया।
इसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और युवा बल्लेबाज जेमिमाह रोड्रिग्स ने स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया लेकिन अब टीम इंडिया के रनों की रफ्तार कम होने लगी थी। भारतीय टीम धीरे-धीरे बड़ा टारगेट देने से चूकती हुई दिखाई दे रही थी क्योंकि जेमिमाह 11 रनों के स्कोर र जोनासेन का दूसरा शिकार बनी।
इसके तुरंत बाद ही जोनासेन ने 1 रनों के स्कोर पर दीप्ति शर्मा को आउट कर दिया। हरलीन देओल भी जोहासन का चौथा शिकार बनीं। अब ये केवल हरमनप्रीत की बैटिंग थी जिसने भारत की रफ्तार अभी खोल रखी थी। कप्तान कौर अंत तक डटीं रहीं और एक अहम मैच में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेल दी। वे अंतिम ओवर की पांचवी गेंद पर स्कट की गेंद पर 34 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेलकर आउट हुईं। हरमनप्रीत ने 8 चौके और एक छक्का लगाया।
जेस जोनासेन ने चार ओवर में 22 रन देकर चार विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications