ऋतुराज गायकवाड़ ने बताई LSG के खिलाफ हार की वजह
लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हार का मुंह देखना पड़ा है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने 176 रन का स्कोर खड़ा किया। लेकिन इस स्कोर को लखनऊ की टीम ने एक ओवर पहले ही पार कर लिया।
मैच में लखनऊ ने 8 विकेट से जीत दर्ज करके प्वाइंट्स टेबल पर पांचवे पायदान पर पहुंच गई है। लखनऊ की टीम ने 7 में से 4 मैचों में जीत दर्ज की है। कुल 8 अंकों के साथ लखनऊ की टीम अंक तालिका में पांचवे स्थान पर है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो 7 मैचों में से 4 मैच में जीत दर्ज करके प्वाइंट टेबल पर 8 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है।

मैच में हार के बाद चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि हमने बल्ले से अच्छा फिनिश किया, जिस स्थिति में हम थे, वहां से हमने अच्छा फिनिश किया। पावरप्ले के बाद हम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। हम लगातार विकेट गंवाते रहे, जिसकी वजह से हम 10-15 रन कम रह गए। इस तरह के टोटल के साथ चीजें थोड़ी मुश्किल भरी होती हैं।
खासकर कि इंपैक्ट सब रूल की वजह से, ऐसे में आपको 10-15 रन अतिरिक्त बनाने की जरूरत होती है। लखनऊ की पिच के बारे में गायकवाड़ ने कहा कि इस तरह की पिच शुरुआत में थोड़ी फंसती हैं लेकिन ओस के साथ यह बेहतर हो जाती है। इस पिच पर 190 रन का स्कोर बेहतर होता।
एक क्षेत्र में हम जरूर सुधार करना चाहेंगे। पावरप्ले में विकेट नहीं ले पाना चिंता का विषय है। इससे विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ता है। हमें इसपर काम करने की जरूरत है। चेपक में अगला मैच खेलना रोमांचक होगा। हम अच्छी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे।
हालांकि इस मैच में रवींद्र जडेजा ने जबरदस्त अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने 9 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली। लेकिन लखनऊ के खिलाफ सीएसके की गेंदबाजी काफी फीकी नजर आई। मैदान में जिस तरह से सीएसके के फील्डर्स ने कैच छोड़े वो भी हार की एक बड़ी वजह बना।












Click it and Unblock the Notifications