चेतेश्वर पुजारा ने नहीं मानी है हार, इंग्लैंड में शतक जड़कर बोले वापस टीम में आऊंगा
Cheteshwar Pujara on Come back: वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने के बाद चेतेश्वर पुजारा ने काउंटी क्रिकेट में खेलने का निर्णय लिया था। रॉयल लंदन कप में खेलते हुए उनके बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली। उनके शतक से टीम को जीत भी दर्ज करने में मदद मिली।
ससेक्स के लिए खेलते हुए पुजारा ने नाबाद शतकीय पारी खेली और टीम को जीत भी दिलाई। इससे पहले भी उन्होंने टूर्नामेंट में एक शतक और एक अर्धशतक जमाया था। अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद पुजारा ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर एक बयान दिया है।

ससेक्स क्रिकेट के साथ बातचीत में पुजारा ने कहा कि मैं वही करने का प्रयास करता हूं जो चीजें मेरे नियंत्रण में होती है। मैं ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करता हूं। टीम में आने की योजना में अब भी मैं हूं। मुझे उम्मीद है कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मेरे रन आते हे टीम में जगह मिल जाएगी।
पुजारा ने यह भी कहा कि मैं वर्तमान में रहना पसंद करता हूं और एक बार में एक ही मुकाबला खेलने की तरफ ध्यान लगाता हूं। इस तरह पुजारा ने अपनी बात कह दी। उनको भरोसा है कि टीम इंडिया में उनके लिए दरवाजे बंद नहीं हुए हैं और वह वापसी करने की क्षमता रखते हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को ससेक्स के लिए सोमरसेट के विरुद्ध खेलते हुए चेतेश्वर पुजारा ने 113 गेंदों में 11 चौकों की मदद से नाबाद 117 रनों की धाकड़ पारी खेली थी। उनकी इस पारी के कारण ससेक्स ने 319 रनों का बड़ा लक्ष्य भी हासिल कर लिया था। ससेक्स ने मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया।
उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले में खराब खेल के बाद पुजारा को टीम से बाहर कर दिया गया था। उनको टीम इंडिया के साथ वेस्टइंडीज नहीं भेजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications