Champions Trophy में भारत-पाक मुकाबले से पहले पाकिस्तानी गेंदबाज से भिड़े सिद्धू! कह दी बड़ी बात, देखें वीडियो
Champions Trophy Ind vs Pak: चैंपियंस ट्राफी में आज का मुकाबला बेहद खास है। आज के महा मुकाबले में भारत-पकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इन दोनों देशों की टीम जब भी आमने सामने होती हैं दोनों ही देश के क्रिकेट फैंस में अलग ही क्रेज देखने को मिलता है।
इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर दोनों देशों में जबरदस्त उत्साह है। यह मुकाबला 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसका आगाज दोपहर 2:30 बजे होगा। इस मुकाबले से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की बहस पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर से हो गई।

दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इस दौरान सिद्धू ने कुछ ऐसा कह दिया जिसे सुनकर कोई भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहा।
नवजोत सिंह सिद्धू और वहाब रियाज के बीच तीखी नोकझोंक
भारत-पाकिस्तान मैच से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज से मजेदार अंदाज में दो-दो हाथ कर लिए। स्टार स्पोर्ट्स पर दिखाए गए एक वीडियो में सिद्धू ने वहाब रियाज को भारत-पाक मैच की अहमियत समझाई और टीम इंडिया की मजबूत स्थिति का अहसास कराया।
सिद्धू ने बताया क्यों जरूरी है पाकिस्तान की जीत
सिद्धू ने वहाब रियाज से कहा कि पाकिस्तान के लिए इस मुकाबले को जीतना बेहद जरूरी है, क्योंकि अगर उनकी टीम जीत दर्ज करती है, तो उनके हालिया खराब प्रदर्शन के चलते मिल रही आलोचनाएं तालियों में बदल सकती हैं। इस पर वहाब रियाज ने भी हामी भरी, लेकिन सिद्धू यहीं नहीं रुके।
'भारत एक पहाड़ की तरह, झटकों से नहीं हिलता'
सिद्धू ने आगे कहा कि टीम इंडिया इस समय क्रिकेट की दुनिया में एक मजबूत पहाड़ की तरह खड़ी है, जिसे छोटे-मोटे झटकों से कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके बाद सिद्धू ने अपनी खास अंदाज में एक शानदार शायरी भी सुनाई, जिसे सुनकर वहाब रियाज भी हंसने लगे।
सिद्धू ने कहा, "मेरा हर दिन तेरी रात से अच्छा होगा, मेरा हर शेर तेरे जज्बात से अच्छा होगा, अरे जान दे दे या जान ले ले मैदान-ए-जंग में, मेरा जनाजा भी तेरी बारात से अच्छा होगा।"
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सिद्धू का वीडियो
सिद्धू और वहाब रियाज की यह मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और भारत-पाक मैच को लेकर और ज्यादा उत्साहित हो गए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि आज के मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है-क्या पाकिस्तान अपने हालिया खराब प्रदर्शन से उबरकर भारत को टक्कर दे पाएगा, या फिर टीम इंडिया अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए जीत दर्ज करेगी?
चैंपियंस ट्राफी से जुड़ी अन्य खबरें












Click it and Unblock the Notifications