Border Gavaskar Trophy में किसका पलड़ा रहा है भारी? जानिए क्या कहता है इसका इतिहास
Border Gavaskar Trophy: न्यूजीलैंड के खिलाफ शर्मनाक सीरीज हार झेलने के बाद अब भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होना है। 22 नवंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज होने जा रहा है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों में शानदार रहा है। टीम एक बार फिर उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।
भारत के लिए जीत जरूरी
पांच टेस्ट मैचों वाली यह इस सीरीज की शुरुआत पर्थ क्रिकेट स्टेडियम में होगी। इसके बाद एडिलेड, ब्रिसबेन, मेलबर्न में आगे के मुकाबले होंगे और सिडनी में इसका समापन होगा। यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिहाज से बेहद अहम है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को यहां दमदार प्रदर्शन दिखाना होगा।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का इतिहास
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत साल 1996 में हुई थी, जब दोनों देशों के बीच टेस्ट श्रृंखला के दौरान यह ट्रॉफी पहली बार प्रस्तुत की गई। इसका उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा को सम्मानित करना और दोनों देशों के बीच क्रिकेट के रिश्तों को और मजबूती देना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा 1996 में स्थापित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सुनील गावस्कर और एलन बॉर्डर की शानदार क्रिकेट उपलब्धियों की याद में मनाई जाती है, दोनों ही अपने-अपने देशों की ओर से टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन पार करने वाले पहले क्रिकेटर थे।
ऐसा रहा है रिकॉर्ड
जीत के मामले में भारत 16 में से 10 सीरीज जीतकर आगे है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 5 में जीत दर्ज की है। एकमात्र सीरीज जिसमें दोनों में से किसी को भी जीत नहीं मिली, वह 2003-04 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई थी। इस प्रतिद्वंद्विता में 1996 से अब तक कुल 57 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 24 और ऑस्ट्रेलिया ने 21 जीते हैं, जबकि 12 मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत ने पिछले चार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीतकर अपना दबदबा बनाए रखा है।
इन बल्लेबाजों का रहा है जलवा
इस ट्रॉफी में पिछले कुछ सालों में कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर 34 मैचों में 9 शतकों और 16 अर्धशतकों सहित 3,262 रन बनाकर सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से रिकी पोंटिंग ने 29 मैचों में 2,555 रन, 8 शतक और 12 अर्धशतकों के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इन गेंदबाजों ने दिखाया दमखम
गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 26 मैचों में 116 विकेट लिए हैं, जिसमें नौ बार 5 विकेट हॉल शामिल हैं। उनके ठीक पीछे भारत के रविचंद्रन अश्विन हैं, जिन्होंने 22 मैचों में 114 विकेट लिए हैं। इससे पता चलता है कि इन बेहद प्रतिस्पर्धी मैचों के नतीजों में गेंदबाजों की भूमिका कितनी अहम होती है।












Click it and Unblock the Notifications