Border Gavaskar Trophy: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कोहली को बताया विलेन, बोले- 10 साल बाद वापस आएगी ट्रॉफी
Border Gavaskar Trophy: क्रिकेट के चाहने वालों के लिए भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा हमेशा से रोमांचक रहता है। यह दौरा और भी खास तब हो जाता है जब विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में जाकर कंगारू खिलाड़ियों को उन्ही के अंदाज में जवाब देते हैं।
विराट कोहली पांचवी बार ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए विराट कोहली ने 25 टेस्ट मैचों में 2042 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका औसत 47.49 का है। किसी भी टेस्ट टीम के खिलाफ कोहली का सर्वाधिक स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही है।

कोहली की अगुवाई में जीत का सिलसिला
इससे पहले जब टीम इंडिया दो बार ऑस्ट्रेलिया गई थी तो दोनों ही बार भारत को जीत मिली थी। कोहली की अगुवाई में 2018/19 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया था। 2020/21 में भी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी। हालांकि एक मैच खेलने के बाद कोहली को वापस आना पड़ा था, जिसके बाद अजिंक्या रहाणे ने टीम की अगुवाई की थी।
एक दशक से भारत का कब्जा
हालांकि अब हालात पहले जैसे नहीं हैं। विराट टीम के कप्तान नहीं हैं। रहाणे टीम का हिस्सा नहीं हैं। रोहित की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार तीन सीरीज में जीत दर्ज की है। भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को तकरीबन एक दशक पहले जीत मिली थी। यह हम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की बात कर रहे हैं। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ के पांच टेस्ट मैच खेलेगी।
कोहली का ऑस्ट्रेलिया से लव-अफेयर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली का लव अफेयर तकरीबन 13 साल पहले शुरू हुआ था। अपनी पहली ही टेस्ट सीरीज में कोहली ने यहां उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक लगाया। अगले 21 टेस्ट मैचों में कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने शतकों की संख्या 7 कर ली। एडीलेड में उन्होंने दोहरा शतक लगाया था।
एक सवाल यह भी है कि क्या यह विराट कोहली का आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया दौरा है। विराट की उम्र 35 वर्ष है, ऐसे में संभव है कि वह एक और सीरीज खेलें।
फिर दिखेगा कोहली का दिलचस्प अंदाज
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज जेफ लॉसन का कहना है कि इस बार विराट कोहली को क्राउड की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल सकती है। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि वह अब कप्तान नहीं हैं। कोहली के अंदर वही आग अब भी है। पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया की क्राउड के साथ कोहली का हॉट एंड कोल्ड रिश्ता रहा है।
विलेन कोहली
लॉसन का कहना है विराट कोहली एक बार फिर से खुद को ऑस्ट्रेलिया की क्राउड के सामने खुद को विलेन की तरह दिखाएंगे। जबकि जसप्रीत बुमरा बतौर तेज गेंदबाज ज्यादातर फाइन लेग पर ही फील्डिंग करेंगे, लिहाजा वह भी क्राउड से बात करते नजर आ सकते हैं।
एक तरफ जहां बुमरा अपनी मुस्कान से लोगों का दिल जीतेंगे तो दूसरी कोहली काउड के साथ अलग ही अंदाज में बात करते नजर आएंगे। वह मैदान पर खिलाड़ियों के साथ भिड़ते नजर आएंगे।
फैंस के साथ कोहली का खास रिश्ता
ऑस्ट्रेलिया के लोगों को विराट कोहली जैसे कंपटीटर पसंद हैं। लोग उनको बू कर सकते हैं, लेकिन यकीन मानिए अगर विराट शतक या अर्धशतक लगाते हैं तो यही क्राउड उनके लिए तालियां भी बजाएगा। कोहली को ऑस्ट्रेलिया पसंद आता है।
उन्हें यहां का बाउंस और पेस पसंद है। लेकिन देखने वाली बात यह है कि क्या उनके भीतर अभी भी वही तेज धार है कि वह ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों की रफ्तार का सामना उसी खूबी से कर पाएं।
बीसीसीआई के पस लोन पर ट्रॉफी
लॉसन का कहना है कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पिछले 10 साल से बीसीसीआई ने लोन पर ले रखी है। अब समय है कि इसे वापस ऑस्ट्रेलिया के हेडक्वार्टर जोलीमॉन्ट लाया जाए। ऑस्ट्रेलिया ने जरूर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीत ली है, लेकिन घर में भारत को हराए बिना यह जीत फैंस के लिए अधूरी है।












Click it and Unblock the Notifications