अपनी पड़ोसन से दो बार शादी करने वाले गांगुली के बारे में सहवाग ने क्यों कहा- 'ये हर जगह कब्जा कर लेते हैं?'
नई दिल्ली, 08 जुलाई। आज 'प्रिंस ऑफ कोलकाता' के नाम से मशहूर सौरव गांगुली 50 साल के हो गए हैं। 8 जुलाई 1972 को जन्मे पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली इस वक्त बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं। सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट के सबसे बेहतरीन कप्तानों में एक माना जाता है, ये गांगुली की कप्तानी ही है, जिसकी वजह से हिंदुस्तान को वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और महेंद्र सिंह धोनी जैसे नायाब हीरे मिले। 'दादा' के नाम से मशहूर गांगुली की छवि हमेशा बेबाक, बिंदास और बेहतरीन खिलाड़ी की रही है।

गांगुली को अपनी पड़ोसन डोना से हो गया था प्यार
एक रईस खानदान से ताल्लुक रखने वाले गांगुली को अपनी पड़ोसन डोना गांगुली से मोहब्बत हो गई थी वो भी टीनएज वाले जमाने से, दरअसल सौरव के लग्जरी अपार्टमेंट की बाउंड्री वॉल डोना के घर से जुड़ी हुई थी, दोनों एक-दूसरे को चाहते थे।
ओडिसी नृत्यांगना हैं डोना गांगुली
डोना एक बहुत अच्छी ओडिसी नृत्यांगना हैं और यही बात बंगाल टाइगर सौरव के घर वालों को पसंद नहीं थी लेकिन इश्क के आगे तो हर चीज बेमानी हो जाती है। दोनों अलग-अलग स्कूल में पढ़ते थे लेकिन सौरव अपनी दोस्त डोना की एक झलक पाने के लिए घरवालों को बिना बताए डोना के स्कूल उन्हें देखने जाया करते थे तो वहीं डोना छुप-छुपकर सौरव के क्रिकेट मैच देखने स्टेडियम जाया करती थीं।

साल 1996 अगस्त में सौरव ने डोना से कोर्ट मैरिज कर ली
दोनों का इश्क परवान चढ़ा लेकिन घरवालों की नाराजगी के चलते दोनों ने कोर्ट मैरज करने का फैसला किया और साल 1996 अगस्त में सौरव ने डोना से कोर्ट मैरिज कर ली वो भी बिना घरवालों को बताए। जब इस बात का पता दोनों के घरवालों को लगा तो बवाल मच गया।

अपनी ही बीवी से की दो बार शादी
लेकिन दोनों के इश्क के आगे लोगों को झुकना ही पड़ा लेकिन फरवरी 1997 में दोनों के घरवालों ने दोनों की धूमधाम से शादी की, आज दोनों अपनी लाइफ में बहुत ज्यादा खुश हैं और उनकी एक प्यारी सी बेटी है, जिनका नाम सना गांगुली है और वो अब 21 बरस की हो चुकी हैं।

'मुल्तान के सुल्तान' ने कही महाराजा के बारे में खास बात
ये तो हुई गांगुली के निजी जीवन की बात, अब बात करते हैं इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज और 'मुल्तान के सुल्तान' वीरेंद्र सहवाग की, जिनके लिए गांगुली ने अपनी ओपनर की सीट छोड़ी थी। अपने करियर में गांगुली का अहम योगदान मानने वाले सहवाग अपनी बेबाकी के लिए भी बहुत मशहूर हैं, पिछले साल सोनी टीवी के मशहूर शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में वो गांगुली के ही साथ बतौर मेहमान पहुंचे थे, जहां दोनों ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन संग काफी मस्ती की थी।
HOT सीट पर हुई अदला-बदली
इसी शो के दौरान एक फनी चीज हुई थी और वो ये कि HOT सीट पर सौरव और अमिताभ बच्चन की अदला-बदली हो गई थी और कुछ मिनटों के लिए गांगुली शो के होस्ट और गेस्ट अमिताभ बच्चन बन गए थे ।
'सौरव को हर जगह कब्जा करने की आदत है'
जिस पर सहवाग ने फनी अंदाज में अमिताभ से कहा था कि 'सौरव को हर जगह कब्जा करने की आदत है। ये भारतीय क्रिकेट टीम में गए कैप्टन के पद पर कब्जा कर लिया, बीसीसीआई गए तो अध्यक्ष बन गए, और अब यहां आए हैं..तो यहां भी सीट हथिया लिए।' तब सौरव गांगुली ने अमिताभ बच्चन के सामने हाथ जोड़कर कहा था कि 'वह सहवाग पर विश्वास न करें।' जिसे सुनकर अमिताभ, सहवाग समेत सभी दर्शक जोर-जोर से हंसने लगे थे।












Click it and Unblock the Notifications