B'day Special: 36 के हुए ऑफ स्पिनर आर अश्विन, उनकी सुहागरात पर टीम इंडिया ने की थी ये खुराफात
स्पोर्ट्स डेस्क, 17 सितंबर: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) आज अपना 36वां जन्मदिवस मना रहे हैं। 2010 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले अश्विन आज टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। आज हम आपको उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी सुहागरात से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प किस्सा बताते जा रहे हैं।

सुहागरात पर हुआ था मजाक
आर अश्विन की शादी को लगभग 11 साल पूरे हो गए हैं। अश्विन ने 13 नवंबर, 2011 में अपनी कॉलेज फ्रेंड प्रीति नारायण से शादी की थी। अपनी शादी की छठवीं सालगिरह पर प्रीति ने एक दिलचस्प खुलासा किया था। उन्होंने ट्वीट कर एक किस्सा सुनाते हुए लिखा था कि, अश्विन और उनकी सुहागरात पर भारतीय टीम में उनके साथी खिलाड़ियों ने उनके साथ क्या मजाक किया था।

पूरी रात बजा था अलार्म
प्रीति ने सालों पहले ट्वीट कर लिखा था, ''आज ही के दिन 6 साल पहले हमारी शादी हुई थी और हम कोलकता गए थे। घरवालों ने मुझसे कहा था कि उसे (अश्विन) सोने देना क्योंकि अगले दिन उसका मैच था। लेकिन, उस रात टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों ने कमरे में अलार्म छुपाकर रखे हुए थे जो सारी रात बजते रहे। अच्छी बात ये थी कि अगले दिन टीम को बल्लेबाजी करनी थी।''

बीच सीरीज में हुई थी शादी
अश्विन ने नवंबर 2011 में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। ये मैच 6 से 10 नवंबर के बीच खेला गया था और टेस्ट डेब्यू पर अश्विन ने 9 विकेट हासिल किए थे। इस मैच के बाद अश्विन सीधा अपनी शादी के लिए चेन्नई रवाना हो गए थे। 13 नवंबर को अश्विन-प्रीति की शादी थी और 14 नवंबर से कोलकाता टेस्ट खेला जाना था। इस मैच में भी उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए थे।

आखिरी मैच में जड़ा शतक
सीरीज का आखिरी मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था, जहां अश्विन ने मैच में 9 विकेट लेने के अलावा एक शतक भी ठोका था। अपनी डेब्यू टेस्ट सीरीज में आर अश्विन ने 3 मैचों में 22.91 की शानदार औसत से 22 विकेट लेने के अलावा 121 रन भी बनाए थे।

कैसा रहा है करियर
36 वर्षीय अश्विन अभी तक भारत के लिए 86 टेस्ट मैचों में 24.13 की औसत से 442 विकेट, 113 वनडे में 151 विकेट और 56 टी20 इंटरनेशनल में कुल 66 विकेट ले चुके हैं। टेस्ट में उन्होंने एक पारी में 30 बार फाइव विकेट हॉल और मैच में 7 बार दस से ज्यादा विकेट लिए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में गेंद के अलावा बल्ले से भी उनका दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। 123 पारियों में वह 2931 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 12 अर्धशतक देखने को मिले।

रिकॉर्ड्स के बादशाह हैं अश्विन
- रविचंद्रन अश्विन भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 9 बार मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी हैं।
- अश्विन भारत के लिए सबसे तेज 50, 100, 150, 200, 250, 300, 350 और 400 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
- दुनिया में सबसे तेज 250, 300 और 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज।
- अश्विन एक टेस्ट मैच में 3 बार शतक लगाने के अलावा 5 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं।
- भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज।
- टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए 50 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज।
- 2011 में आईसीसी वनडे कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम के सदस्य।












Click it and Unblock the Notifications