IPL के दूसरे क्वालिफायर से पहले राजस्थान को लगा बड़ा झटका, टूर्नामेंट छोड़ वापस लौटा ये दिग्गज खिलाड़ी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का दूसरा क्वालिफायर मैच शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जहां पर पहले क्वालिफायर में हार के बाद पहुंची राजस्थान रॉयल्स की टीम का सामना एलिमिनेटर में जीत हासिल कर आ रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होना है। दोनों टीमों के लिये खिताब जीतने का सपना जिंदा रखने के लिये यह मैच काफी अहम होने वाला है, जिसमें जीत हासिल करने वाली टीम का सामना फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस से होगा।

हालांकि आईपीएल 2022 के दूसरे क्वालिफायर से पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम को बड़ा झटका लगा है और उसके खेमे के अहम हरफनमौला खिलाड़ी को टूर्नामेंट बीच में छोड़कर वापस जाना पड़ा है। दरअसल न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डैरिल मिचेल जो इस सीजन राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे थे उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये वापस बुला लिया गया है।

टेस्ट सीरीज के लिये बीच में छोड़ना पड़ा आईपीएल
इसी को देखते हुए डैरिल मिचेल ने आईपीएल को बीच में छोड़कर इंग्लैंड जाने का फैसला किया है, जहां पर वो न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ेंगे। इस दौरना डैरिल मिचेल टेस्ट सीरीज से पहले खेले जाने वाले प्रैक्टिस मैच का हिस्सा बनेंगे जहां पर फर्स्ट क्लास काउंटीज 11 के खिलाफ मैच खेलना है। इस मैच का आगाज चेम्सफोर्ड में 26 मई से होगा। वहीं पर उनकी टीम के साथी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और ऑलराउंडर जेम्स नीशम टीम के साथ बने रहेंगे।

संगाकारा ने टेस्ट सीरीज के लिये दी शुभकामनायें
उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत खेली जाने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये इंग्लैंड की मेजबानी में खेलना है जिसका आयोजन 2 से 23 जून के बीच किया जाना है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से शेयर किये गये एक वीडियो में टीम के क्रिकेट निदेशक कुमार संगाकारा ने इस खिलाड़ी को विदाई स्पीच दी है।
संगाकारा ने कहा,'डैरिल हमारे साथ शुरू से ही रहे हैं और वो इस अदभुत सफर का अहम हिस्सा बने रहे हैं। उन्होंने हमारी टीम के लिये ऊर्जा के लिहाज से काफी कुछ किया है और वो जो हैं उसे बरकरार रख खेलने, फील्डिंग, एक दूसरे की मदद करने और समर्थन करने का काम किया है। एक दूसरे को जानने और एक टीम के रूप में खेलने में डैरिल मिचेल ने अहम रोल निभाया है। हम सभी ने कोशिश की है कि वो अपना थोड़ा थोड़ा योगदान दें और डैरिल ने हमारे लिये शानदार काम किया है। हम उन्हें इंग्लैंड सीरीज के लिये ढेर सारी शुभकामनायें देते हैं और 26 मई से होने वाले प्रैक्टिस मैच को हम सभी देखेंगे और उन्हें सपोर्ट करेंगे।'
ऐसे समय में जाना मुश्किल
गौरतलब है कि डैरिल मिचेल इस सीरीज राजस्थान रॉयल्स के लिये सिर्फ दो ही मैचों में खेलते नजर आये हैं। उन्होंने इस संगाकारा की बात पर कहा,'ऐसे मुश्किल समय में टीम का साथ छोड़कर जाना काफी दुखदायक है, लेकिन मैं अपनी टीम के हर मैच को देखकर उन्हें सपोर्ट करूंगा और जब आप लोग ट्रॉफी उठायेंगे तो उस वक्त वीडियो कॉल पर भी साथ रहूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications