'आज भी रोज खाता हूं टेशन दूर करने की दवा', पिता के निधन से अब तक जूझ रहे हैं बेन स्टोक्स
नई दिल्ली, 23 अगस्त: आज के बेहतरीन ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अपने पिता की मौत के बाद टूट गए थे। उनको अपने पिता से गहरा लगाव था। पिता की बीमारी के लिए कई बार उन्होंने नेशनल टीम को छोड़कर न्यूजीलैंड जाना पड़ा, जहां उनके पिता रहते थे। पिता का स्टोक्स के जीवन पर काफी प्रभाव था और वे उनके लिए ऐसे थे जैसे एक हीरो और उसका फैन होता है। ऐसे में उनकी मौत का बेन पर गहरा असर पड़ा।

चिंता को दूर करने की दवा लेनी पड़ती है
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने खुलासा किया कि वह अपने पिता की मृत्यु से जूझ रहे हैं जिसके चलते उनकी मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति ठीक नहीं रहती और चिंता को दूर करने की दवा लेनी पड़ती है।
स्टोक्स ने पिछले साल अपने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए खेल से आराम लिया था क्योंकि वह पिता की मौत के कारण होने वाले पैनिक अटैक से जूझ रहे थे। पिता ब्रेन कैंसर के कारण दुनिया को अलविदा कह गए थे।
स्टोक्स ने प्राइम वीडियो से बातचीत में कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह की चीजों के लिए मैं दवा पर रहूंगा। मैं यह कहने में शर्मिंदा नहीं हूं क्योंकि मुझे उस समय मदद की जरूरत थी।"
"मैं अभी भी डॉक्टर से बात करता हूं, लेकिन नियमित रूप से नहीं, और मैं अभी भी हर दिन दवा ले रहा हूं। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।"

ठीक होने का दिखावा करना सही नहीं
स्टोक्स ने कहा कि जब उन्होंने ब्रेक लिया तो उन्हें क्रिकेट के प्रति गहरी नाराजगी महसूस हुई क्योंकि वह अपने मरते हुए पिता से उतना नहीं मिल पा रहे थे जितना वह चाहते थे।
उन्होंने एक इंटरव्यू में टेलीग्राफ को बताया, "इसलिए जब मैंने ब्रेक लिया तो मैं वास्तव में गुस्से में था और यह तय कर रहा था कि मैं अपने पिता को कब देख सकता हूं।"
उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के बारे में खुलकर बात करने के महत्व पर जोर दिया और कहा कि ठीक होने का दिखावा करना सही नहीं।

मुझे ये सब बताने में कोई हर्ज नहीं
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कभी-कभी लोग मेरे साथ इस तरह की चीजों के बारे में डिटेल में बात करने से थोड़ा घबराते हैं। ऐसा माना जाता है कि यह कमजोरी का संकेत है कि आप मानसिक रूप से अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं।"
"लोग सोचते हैं कि वे परेशान लोगों से उनके बारे में नहीं पूछ सकते। लेकिन कोई नहीं, यह बिल्कुल सही है। मैं खुशी-खुशी आपको उतना ही बताऊंगा जितना मैं बता सकता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications