भारत के हाथों मिली शर्मनाक हार के बाद बेन स्टोक्स ने की रिटायरमेंट की घोषणा, जानें कब खेलेंगे आखिरी मैच
लंदन, जुलाई 18। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। दरअसल, सोमवार को उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए यह बताया कि वो मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मैच खेलेंगे। यह मुकाबला डरहम के चेस्टर ली स्ट्रीट के रीवर साइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। आपको बता दें कि कल से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज करेगा।

स्टोक्स ने संन्यास की बताई वजह
बेन स्टोक्स ने अपनी ट्विटर पोस्ट में कहा है, "मैं इंग्लैंड के लिए मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मैच खेलूंगा। मैंने वनडे फॉर्मेट से संन्यास का फैसला ले लिया है। मेरे लिए यह निर्णय वाकई बहुत कठिन था। मैंने इंग्लैंड के लिए अपने साथियों के साथ गेम के हर मिनट को एन्जॉय किया। मेरे लिए यह सफर बहुत शानदार रहा।" बेन स्टोक्स ने आगे लिखा है, "मेरे लिए यह फैसला जितना कठिन था, उतना ही इस तथ्य से भी निपटना था कि मैं अपनी टीम के लिए 100 फीसदी योगदान नहीं दे पा रहा था। इंग्लैंड की टीशर्ट पहनने वाला कम का हकदार नहीं होता।"

तीनों फॉर्मेट खेलना हुआ मुश्किल- स्टोक्स
बेन स्टोक्स ने अपनी पोस्ट में आगे कहा है कि उनके लिए तीनों फॉर्मेट खेल पाना काफी मुश्किल हो रहा था, इसीलिए वो वनडे में अपना 100 पर्सेंट परफॉर्म नहीं कर पा रहे थे। स्टोक्स ने कहा, , "मुझे केवल यही नहीं लग रहा था कि मैं व्यस्त शेड्यूल की वजह से अपने शरीर पर भार डाल रहा हूं बल्कि मुझे यह भी लग रहा था कि मैं किसी ऐसे खिलाड़ी की जगह ले रहा हूं जो इंग्लैंड की टीम काफी कुछ दे सकता है।"

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में फ्लॉप थे स्टोक्स
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे। रविवार को भारत ने इंग्लैंड को 2-1 से वनडे सीरीज में मात भी दी थी। सीरीज हार के अलावा बेन स्टोक्स अपनी फॉर्म को लेकर भी थोड़े चिंतित थे, क्योंकि भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में बेन स्टोक्स ने 3 मैचों में सिर्फ 48 रन बनाए थे। गेंदबाजी में भी स्टोक्स प्रभावी नहीं रहे। उन्होंने पूरी सीरीज में 1 भी विकेट नहीं लिया था। हालांकि दूसरे वनडे में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की थी।












Click it and Unblock the Notifications