कप्तानी से हटाए जाने के बाद संन्यास का फैसला लेंगे बेन स्टोक्स? नाइट क्लब विवाद ने खत्म कर दी इज्जत
Ben Stokes: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है। लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार जीत दर्ज करने के ठीक बाद दोनों खिलाड़ी एक नाइटक्लब विवाद में फंस गए। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया है।
बेन स्टोक्स पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को टीम का अंतरिम कप्तान नियुक्त किया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 17 से 21 जून तक द ओवल के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है। अब जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले में अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखने उतरेगी।

क्या था पूरा नाइटक्लब मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड को 115 रनों से हराने के बाद रविवार देर रात स्टोक्स और एटकिंसन एक नाइटक्लब में मौजूद थे। वहां तड़के सुबह एक रग्बी खिलाड़ी के साथ उनकी कहासुनी और विवाद हो गया। ईसीबी ने इसे टीम प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन माना है और इस पूरे मामले की अंदरूनी जांच शुरू कर दी है।
संन्यास ले सकते हैं बेन स्टोक्स!
इस पूरे विवाद के बीच मीडिया में यह खबरें भी तैर रही हैं कि बेन स्टोक्स जल्द ही कप्तानी से स्थायी रूप से इस्तीफा दे सकते हैं। इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा करके सबको चौंका सकते हैं। हालांकि, अभी तक स्टोक्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन वह अपने सलाहकारों से बातचीत करके फैसला लेंगे।
इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वाड में बड़े बदलाव
स्टोक्स और एटकिंसन के बाहर होने के बाद इंग्लैंड के 15 सदस्यीय दल में बड़े बदलाव किए गए हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की लंबे समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जो टीम की गेंदबाजी को मजबूती देंगे। इसके अलावा एसेक्स के युवा और प्रतिभावान बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को भी दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किया गया है।
दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ और जोश टंग।












Click it and Unblock the Notifications