घुटने की चोट के बावजूद भी आईपीएल 2023 में खेलेंगे बेन स्टोक्स, खुद बयान जारी कर की पुष्टि
बेन स्टोक्स ने इस बात का ऐलान किया है कि वो आईपीएल 2023 खेलने के लिए भारत जरूर जाएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान बेन स्टोक्स चोटिल नजर आए थे।

आईपीएल 2023 के आगाज से पहले इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स को कल एक बड़ा झटका उस वक्त लगा था, जब मीडिया में यह खबर आई कि टीम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स घुटने की चोट के कारण आगामी सीजन में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन अब CSK के फैंस के लिए राहत भरी खबर है। दरअसल, बेन स्टोक्स ने खुद इस बात का ऐलान किया है कि वो घुटने की समस्या के बावजूद भी आईपीएल 2023 में खेलते हुए नजर आएंगे। बेन स्टोक्स ने यह भी कहा है कि मुझे इस बात से काफी निराशा हुई है कि मैं घुटने की समस्या की वजह से अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में चोटिल दिखे थे स्टोक्स
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स बेसिन रिजर्व ग्राउंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान घुटने की समस्या से जूझते हुए दिखे थे। उन्हें ग्राउंड पर लड़खड़ाते हुए देखा गया था। इसके बाद से ही यह खबरें आना शुरू हो गई थीं कि स्टोक्स अब आईपीएल में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन उन्होंने अब सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। बता दें कि बेन स्टोक्स आईपीएल के इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते हुए नजर आएंगे। आपको बता दें कि सीएसके फ्रेंचाइजी ने ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।
स्टोक्स ने की है फ्लेमिंग से बात
बेन स्टोक्स ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में हार का सामना करने के बाद कहा कि उन्होंने सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ अपनी इंजरी को लेकर बात की थी और यह कहा था कि वो आईपीएल 2023 में खेलते हुए नजर आएंगे। बेन स्टोक्स ने कहा कि उन्होंने फ्लेमिंग को कहा था कि वो खुद को फिट होने पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे। आईपीएल 2023 में चेन्नई का पहला मुकाबला गत चैंपियन गुजरात टाइटंस से होगा। यह मैच सीजन का पहला ही मैच होगा।












Click it and Unblock the Notifications