'वर्ल्ड कप जीतने से ज्यादा जरूरी है भारत को हराना...,' मोहम्मद रिजवान ने रमीज राजा के संदेश का किया खुलासा
India vs Pakistan, World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप का आगाज एक जून से हो चुका है। भारत के मैच देखने के लिए फैंस को पांच जून तक का इंतजार करना होगा, जब न्यूयार्क में भारत बनाम आयरलैंड के बीच पहला मैच खेला जाएगा। इसके बाद 9 जून को एक बार फिर टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।
2021 में पहली बार जीता पाकिस्तान
दरअसल, साल 2021 में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारत को पाकिस्तानी टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस बीच अब भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले रिजवान ने उन परिस्थितियों को याद किया और खिलाड़ियों को तत्कालीन पीसीबी अध्यक्ष की सलाह का खुलासा किया। रिजवान ने खुलासा किया कि रमीज राजा ने खिलाड़ियों से भारत के खिलाफ मैच जीतने के लिए कहा था, चाहे कुछ भी हो जाए।

खिलाड़ियों पर दबाव डालते थे रमीज राजा
रिज़वान ने डलास में एक कार्यक्रम में कहा था कि, 'हमने उससे पहले (वर्ल्ड कप में) भारत को कभी नहीं हराया था। रमिज़ राजा हमसे मिले और कहा, आपको भारत को हराना होगा। जब वह पहली बार (पीसीबी अध्यक्ष के रूप में) आए थे तब विश्व कप में काफी समय बाकी था, लेकिन उन्होंने तभी से टीम में इस विचार को विकसित करना शुरू कर दिया था, जैसे-जैसे हम विश्व कप के करीब आते थे, चाहे आप ट्रॉफी जीतें या नहीं, वह कहते थे कि दबाव में मत आओ, और फिर हम पर दबाव डालते थे।'
रिज़वान ने यह भी खुलासा किया कि चूंकि यह वैश्विक मंच पर भारत का सामना करने का उनका पहला अवसर था, इसलिए उन्हें घटना के बाद तक वास्तव में उस परिणाम के महत्व का एहसास नहीं हुआ।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्या बोले रिजवान
उन्होंने कहा कि, 'भारत बनाम पाकिस्तान मैच के साथ हमेशा दबाव चरम पर होता है। लोग टूर्नामेंट में सभी मैच नहीं देख सकते हैं, लेकिन यह एक ऐसा खेल है जिसे हर कोई देखने के लिए बैठता है, चाहे वे किसी भी देश से हों। उस समय हमारे साथ मैथ्यू हेडन थे। उन्होंने अपनी बात रखी। मुझे और कैप्टन को बाहों में भर लिया और पूछा कि हम कैसा महसूस कर रहे हैं, कैप्टन ने कहा कि हमने कड़ी मेहनत की है और अब हम सब कुछ भगवान के हाथों में छोड़ देते हैं।'
ये भी पढ़ें- 'पब्लिक पार्क में प्रैक्टिस करना..,' टीम इंडिया के हेड कोच ने न्यूयॉर्क में मिल रहीं सुविधाओं पर उठाए सवाल
उन्होंने आगे कहा कि, 'मेरे लिए यह सब पहली बार था, चाहे वह विश्व कप में खेलना हो या इतना बड़ा मैच। इसलिए मैं बिल्कुल सामान्य महसूस कर रहा था, मुझे नहीं लगा कि यह किसी भी अन्य मैच से अलग था। लेकिन जब हम जीत गए, तब मुझे एहसास हुआ कि हमने क्या हासिल किया।'












Click it and Unblock the Notifications