BCCI रिव्यू मीटिंग की तारीख हुई तय, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ से होंगे सवाल
भारतीय टीम के प्रदर्शन और अन्य मामलों को लेकर बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग तय हुई है। वर्ल्ड कप को लेकर भी इसमें अजेंडा होगा। कई मुद्दों पर बातचीत होगी।

BCCI Review Meeting: रिव्यू मीटिंग अब बीसीसीआई 1 जनवरी को करेगी। इसमें टीम इंडिया के वर्ल्ड कप प्रदर्शन का रिव्यू होगा। मीटिंग में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, कोच राहुल द्रविड़ और एनसीए के हेड वीवीएस लक्ष्मण रहेंगे। बोर्ड के अजेंडे में कई चीजें होंगी। इसमें वनडे वर्ल्ड कप भी अहम होगा। यह भी निर्णय लेना है कि वनडे वर्ल्ड कप में खेलने के लिए किन खिलाड़ियों अभी से तैयार किया जाएगा।
भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया को 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद रिव्यू मीटिंग होनी थी लेकिन कुछ कारणों से ऐसा नहीं हो पा रहा था। अब नई तारीख 1 जनवरी तय की गई है। टीम इंडिया 3 जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी।
भारतीय टीम के खराब खेल को लेकर फैन्स ने भी काफी आलोचना की। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए हार्दिक पांड्या को टी20 कप्तान बनाया गया है। पांड्या को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भी सबसे छोटे प्रारूप में कप्तान बनाया गया था। भविष्य में भारतीय कप्तान को लेकर भी बोर्ड रिव्यू मीटिंग में बातें रख सकता है।
बीसीसीआई ने रिव्यू मीटिंग दिसम्बर में ही रखने का निर्णय लिया था लेकिन बीच में बांग्लादेश दौरा आ गया था। इसके अलावा क्रिकेट सलाहकार समिति का गठन भी नहीं हो पाया था। क्रिकेट सलाहकार समिति को नई चयन समिति की घोषणा करनी है। इन सब कामों के कारण मीटिंग में देरी हो गई थी। बीच में आईपीएल नीलामी का काम भी आ गया था। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने रिव्यू मीटिंग बाद में करने का निर्णय लिया। देखना होगा कि रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ के साथ बीसीसीआई क्या चर्चा करती है। वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बातचीत एक मुख्य एजेंडा रहेगा। इसके अलावा भी अन्य कई चीजों पर चर्चा होनी है।












Click it and Unblock the Notifications