भारतीय टीम के ऊपर BCCI ने की पैसों की बारिश, चैम्पियंस ट्रॉफी जीत के लिए करोड़ों रुपये इनाम में देने का ऐलान
BCCI Reward of Indian Team: भारतीय टीम ने दुबई में न्यूजीलैंड को चैम्पियंस ट्रॉफी में हराकर खिताबी जीत दर्ज कर देशवासियों को ख़ुशी से झूमने का मौका दिया था। रोहित शर्मा की कप्तानी में जीत दर्ज करने वाली टीम के लिए हर कोई काफी खुश रहा। अब बीसीसीआई ने टीम के लिए बड़ी घोषणा की है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारतीय टीम के लिए करोड़ों की प्राइज मनी का ऐलान किया है। बोर्ड ने अपनी वेबसाईट पर इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए टाइटल जीतने वाली टीम को इनाम देने का ऐलान किया है। टीम इंडिया का हौसला इससे जरूर बढ़ेगा और इनामी राशि भी काफी बड़ी है।

BCCI ने खिताबी जीत के लिए टीम इंडिया को 58 करोड़ कैश प्राइज देने की घोषणा की है। इसमें प्लेयर्स के अलावा कोचिंग स्टाफ, सहायक कर्मी और चयन समिति के सदस्य भी शामिल हैं। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने टीम का सम्मान करते हुए गर्व होने की बात कही।
बोर्ड के सचिव ने कहा कि BCCI को खिलाड़ियों और सहायक कर्मचारियों को इस योग्य इनाम के साथ सम्मानित करने पर गर्व है। वर्ल्ड क्रिकेट में उनका प्रभुत्व वर्षों की कड़ी मेहनत और रणनीतिक निष्पादन का परिणाम है। इस जीत ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भारत की शीर्ष रैंकिंग को सही ठहराया है, और हमें यकीन है कि टीम आने वाले वर्षों में उत्कृष्टता जारी रखेगी।
कप्तान रोहित शर्मा की लीडरशिप में खेलते हुए टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में न्यूजीलैंड को पराजित कर दिया। भारतीय टीम ने लीग चरण में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था और वहां ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी थी।
अंतिम मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल के रूप में खेला गया था, इस मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी उठाई और करोड़ों देशवासियों को झूमने का मौका दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications