क्रिकेट जगत में पसरा मातम, बांग्लादेश के क्रिकेटर की मौत, आखिर कैसे गई कम उम्र में जान
क्रिकेट के मैदान पर अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे एक युवा खिलाड़ी का सफर बेहद दुखद तरीके से खत्म हो गया। बांग्लादेश के चट्टोग्राम डिवीजन की अंडर 18 क्रिकेट टीम के सदस्य मेहेदी हसन हृदोय की इलाज के लिए ढाका ले जाते समय एंबुलेंस में मौत हो गई। वह एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें राजधानी ले जाया जा रहा था।
मेहेदी हसन हृदोय को एक्यूट मायलॉयड ल्यूकेमिया नाम का ब्लड कैंसर था। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही थी। इसी सिलसिले में उन्हें चट्टोग्राम से ढाका ले जाने का फैसला किया गया, लेकिन वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार गए।

हृदोय चट्टोग्राम के आयु वर्ग क्रिकेट में एक उभरती हुई प्रतिभा के तौर पर पहचाने जाते थे। कम उम्र में ही उन्होंने क्रिकेट में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी थी। उनके निधन से बांग्लादेश के क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर है।
हृदोय के इलाज के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और देश के युवा एवं खेल मंत्रालय ने आर्थिक सहायता भी दी थी। जुलाई में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उनके चिकित्सा खर्च के लिए 5 लाख टका की मदद की थी। इसके अलावा युवा एवं खेल मंत्रालय ने भी इतनी ही राशि उपलब्ध कराई थी।
इस तरह उनके इलाज के लिए कुल 10 लाख बांग्लादेशी टका की आर्थिक सहायता दी गई। इसके बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हृदोय के परिवार और करीबियों के लिए यह बड़े दुःख की बात है। उनके इलाज के लिए मदद जुटाने और बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने की कोशिशें की गईं लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उम्र के उस पड़ाव पर जब एक खिलाड़ी अपने करियर और भविष्य के सपने बुन रहा होता है, हृदोय का इस तरह दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। उनका निधन बांग्लादेश के युवा क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।


Click it and Unblock the Notifications
