AFG vs BAN ODI Series: शाकिब अल हसन को नहीं मिली जगह, वनडे सीरीज के लिए शांतो बने रहेंगे कप्तान
शाकिब अल हसन अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश टीम का हिस्सा नहीं हैं। 37 वर्षीय ऑलराउंडर ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है, साथ ही वह मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना 'विदाई टेस्ट' भी नहीं खेल पाए।
इससे पहले, बीसीबी प्रमुख फारुक अहमद ने कहा था कि शाकिब के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने वाली सीरीज में खेलने की संभावना कम है। फारुक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, 'शाकिब के (विदाई) टेस्ट खेलने नहीं आने के बाद, वह ज्यादा अभ्यास नहीं कर रहे थे। मुझे लगता है कि उन्हें फिर से तैयार होने के लिए कुछ समय चाहिए।'

नजमुल हुसैन शांतो बने रहेंगे कप्तान
इस बीच, नजमुल हुसैन शांतो इस सीरीज के लिए कप्तान बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान, जिसमें बांग्लादेश ने घरेलू मैदान पर 2-0 से हार का सामना किया था, शांतो ने टाइगर्स का नेतृत्व करने में अपनी अनिच्छा दिखाई थी और इस बारे में बीसीबी को सूचित किया था।
मेहदी हसन मिराज को मिली उपकप्तान की कमान
मेहदी हसन मिराज अफगान के खिलाफ सीरीज के लिए शांतो के उपकप्तान हैं। इससे पहले, बीसीबी प्रमुख ने कहा था कि निकट भविष्य में शांतो के कप्तान बनने की दौड़ में तस्कीन अहमद और मेहदी "सबसे आगे" हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज जाकिर हसन और बाएं हाथ के स्पिनर नसुम अहमद को बांग्लादेश की वनडे टीम में वापस बुलाया गया है।
जाकिर ने सिर्फ एक वनडे खेला है, जबकि नसुम ने आखिरी बार पिछले साल वनडे विश्व कप में टाइगर्स का प्रतिनिधित्व किया था। विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास भी टीम में नहीं हैं। बुखार के कारण वह प्रोटियाज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी नहीं खेल पाए थे।
6 नवंबर से शुरू होगी तीन मैचों की वनडे सीरीज
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे मैच 6, 9 और 11 नवंबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ये मुकाबले दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण हैं, खासकर आगामी वर्ल्ड कप की तैयारी के नजरिए से। दोनों देशों के खिलाड़ी अपनी फार्म में बने रहने के लिए इस सीरीज को एक अच्छे अवसर के रूप में देख रहे हैं।
बांग्लादेश टीम: सौम्य सरकार, तंजीद हसन तमीम, जाकिर हसन, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम, महमुदुल्लाह रियाद, तौहीद हृदोय, जेकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज (उप कप्तान), रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरफुल इस्लाम, नाहिद राणा।












Click it and Unblock the Notifications