BAN vs IND: जयदेव उनादकट को 12 साल बाद मिली पहली टेस्ट विकेट, बांग्लादेश के ओपनर को चकमा देकर किया आउट
दिसंबर 2010 में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले जयदेव उनादकट ने 12 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी की है। 12 साल के बाद ही उनादकट को अपना पहला टेस्ट विकेट मिला है।

Jaydev unadkat maiden test wicket after 12 years टीम इंडिया के लिए साल 2010 में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले जयदेव उनादकट को 12 साल बाद अपना पहला टेस्ट विकेट मिल गया है। दरअसल, बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन जयदेव उनादकट को अपना पहला टेस्ट विकेट हासिल हुआ। उन्होंने पिछले मैच के हीरो जाकिर हसन को आउट करके अपना टेस्ट मेडेन विकेट लिया। उनादकट ने जिस गेंद पर विकेट लिया वो गेंद भी कमाल की थी। शॉर्ट ऑफ लेंथ इस डिलीवरी को बल्लेबाज बिल्कुल भी भांप नहीं सका और अपना विकेट गंवा दिया। इस विकेट की अहमियत उनादकट भलीभांति जानते हैं।
उनादकट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था टेस्ट डेब्यू
आपको बता दें कि 2010 में जब उन्होंने पहला टेस्ट मैच खेला था तो उस मैच में उन्हें 26 ओवर की गेंदबाजी करने के बाद भी कोई विकेट हासिल नहीं हुआ था और उसके बाद से ही उन्हें कभी दोबारा टीम में नहीं चुना गया। उनादकट ने अपना टेस्ट डेब्यू दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में किया था। भारत यह मैच 25 रन और एक पारी से हार गया था। 12 साल के इंतजार के बाद उनादकट की टेस्ट टीम में वापसी हुई और उन्हें अपनी पहली टेस्ट विकेट भी मिली।
बहुत लंबा रहा उनादकट का इंतजार
आपको बता दें कि जयदेव उनादकट को अपने टेस्ट करियर का दूसरा मैच खेलने के लिए 12 साल का इंतजार करना पड़ा और वो ऐसे दूसरे खिलाड़ी हैं, जिन्हें इतना लंबा इंतजार करना पड़ा है। उनसे पहले इंग्लैंड के गैरेथ बैटी को अपना दूसरा टेस्ट खेलने के लिए 145 मैचों का इंतजार करना पड़ा था। उन्होंने अपना डेब्यू 2005 में किया था, जबकि उन्होंने दूसरा टेस्ट 2016 में खेला था। उनादकट ने दिसंबर 2010 से लेकर दिसंबर 2022 तक 118 टेस्ट मैच मिस किए हैं। दिनेश कार्तिक ने 2018 में वापसी करने से पहले 87 टेस्ट मिस किए थे।
बांग्लादेश की पहली पारी 227 पर सिमटी
12 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने के बाद जयदेव उनादकट एक अलग ही लय में नजर आए हैं। उन्होंने बांग्लादेश को ओपनर बल्लेबाजों को नई गेंद से खासा परेशान किया। उनादकट ने नजमुल हुसैन शंटो और जाकिर हसन दोनों को परेशान करते हुए सही एरिया में गेंदबाजी की जिसका नतीजा यह हुआ कि जाकिर हसन एक गेंद पर बीट होकर अपना विकेट गंवा बैठे। दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम 227 रन पर सिमट गई है। भारत की ओर से अश्विन और उमेश यादव ने 4-4 विकेट लिए हैं, जबकि दो विकेट उनादकट को मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications