कराची टेस्ट ड्रॉ होने के बाद मीडिया के सवालों से परेशान दिखे बाबर आजम, एक रिपोर्टर से हो गई भिड़ंत
कराची टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों पर असहज दिखे। इस दौरान बाबर प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चले गए।
Babar azam Stare a reporter पिछले चार टेस्ट मैचों में हार का सामना करने के बाद पाकिस्तान की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची टेस्ट में जैसे-तैसे हार के खतरे को टाला और मैच को ड्रॉ करा लिया, लेकिन पाकिस्तानी मीडिया और क्रिकेट फैंस इस बात को अच्छे से जानते हैं कि यह ड्रॉ भी एक तरह से पाकिस्तान की हार ही है, क्योंकि 2022 में पाकिस्तान की टीम ने अपने घर में खेलते हुए 7 टेस्ट मैच में से एक में भी जीत हासिल नहीं की है। पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को घर में टेस्ट सीरीज में हराया।

पत्रकार और बाबर आजम में हुई भिड़ंत
कराची टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों को इग्नोर करते हुए नजर आए तो वहीं एक जर्नलिस्ट इस बात से भड़क उठा। इसके बाद बाबर ने भी इस पत्रकार को घूरकर देखा। दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबर आजम पत्रकारों के सवाल का जवाब देने में हिचक रहे थे और सवालों को इग्नोर कर रहे थे। इसी दौरान एक रिपोर्टर तेजी से चिल्लाकर बोले, "ये कोई तरीके नहीं हैं, यहां सवाल के लिए आपको इशारे कर रहे हैं और आप जा रहे हैं।"

घटना का वीडियो हुआ वायरल
रिपोर्टर की इन लाइनों के बाद बाबर आजम भी गुस्से में नजर आए और उन्होंने रिपोर्टर को काफी देर तक घूरा, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इसी रिपोर्टर ने कुछ दिन पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबर से ऐसा सवाल कर लिया था, जिससे वो असहज लगे थे।

बाबर को कप्तानी से हटाने की भी उठी थी मांग
आपको बता दें कि बाबर आजम इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की 3-0 से हार के बाद से मीडिया और क्रिकेट फैंस के निशाने पर हैं। इंग्लैंड के हाथों क्लीन स्विप का सामना करने के बाद से बाबर को कप्तानी से भी हटाने की मांग तेजी से उठी थी, लेकिन मैनेजमेंट ने उन्हें कप्तानी से नहीं हटाया। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर काफी कुछ निर्भर करेगा। कराची में हुए पहले टेस्ट मैच में रनों की जबरदस्त बारिश हुई, लेकिन मैच का नतीजा नहीं निकल सका और मैच ड्रॉ हो गया।












Click it and Unblock the Notifications