PAK vs NZ: बाबर आजम के समर्थन में बोले शाहिद अफरीदी, कहा- वो तो पाकिस्तान क्रिकेट की रीढ़ हैं
शाहिद अफरीदी ने कहा कि बाबर आजम पाकिस्तान टीम की रीढ़ हैं और हम चाहते हैं कि वह वर्ल्ड क्लास के कप्तानों की सूची में शामिल हों। बाबर को टेस्ट कप्तानी से हटाने की चर्चा काफी समय से चल रही है।

इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में क्लीन स्विप का सामना करने के बाद से आलोचनाओं का सामना कर रहे बाबर आजम के समर्थन में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए अंतरिम मुख्य चयनकर्ता शाहिद अफरीदी उतर आए हैं। उन्होंने बाबर आजम को पाकिस्तान क्रिकेट टीम की रीढ़ बताया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के आगाज से पहले शाहिद अफरीदी ने बाबर आजम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बाबर आजम पाकिस्तान टीम की रीढ़ हैं और हम चाहते हैं कि वह वर्ल्ड क्लास के कप्तानों की सूची में शामिल हों।
पाकिस्तान क्रिकेट में हुए हैं दो बड़े बदलाव
आपको बता दें कि इंग्लैंड के हाथों अपने घर में ही 3-0 से टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद से बाबर आजम को टेस्ट की कप्तानी से हटाने की चर्चाएं चल रही हैं। पाकिस्तान क्रिकेट में दो बड़े बदलाव पहले ही हो चुके हैं। रमीज राजा को पीसीबी अध्यक्ष के पद से हटाकर नजम सेठी को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं शाहिद अफरीदी को अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में नियुक्त किया गया है। इन दो बदलावों के बाद अफरीदी ने बाबर का समर्थन करके उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि बाबर से टेस्ट कप्तानी ली जा सकती है।
शाहिद अफरीदी ने कहा है कि पीसीबी की नई चयन समिति टीम के फैसलों के संदर्भ में सभी को एक साथ लेकर चलेगी। अफरीदी ने बाबर की तारीफ करते हुए कहा है कि हम चाहते हैं वो विश्व स्तरीय कप्तानों की सूची में शामिल हों और इसलिए उन्हें अभी बहुत कुछ करना है। अफरीदी ने कहा, "देखिए हम इस चयन समिति को सभी को एक साथ लेकर चलाने जा रहे हैं क्योंकि यह केवल एक कप्तान की टीम नहीं है। बहुत सी चीजें जो पहले बताई गई थीं, हम उन्हें कवर करना चाहेंगे क्योंकि हम अच्छे परिणाम चाहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications