बाबर आजम जब तक चाहें रह सकते हैं राष्ट्रीय टीम की कप्तान, PCB चीफ नजम सेठी ने दिया यह बयान
बाबर आजम को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम से ब्रेक दिया गया है। बाबर के स्थान पर शादाब खान इस टीम के कप्तान बनाए गए हैं। इस सीरीज का आगाज 25 मार्च से होगा।

पाकिस्तान टीम के नियमित कप्तान बाबर आजम को अफगानिस्तान के खिलाफ 25 मार्च से शुरू हो रही टी20 सीरीज के लिए न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया है बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर रखा गया है। बाबर को इस सीरीज से आराम दिए जाने के बाद से यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या बाबर को टी20 टीम की कप्तानी से हटाया जा चुका है? पीसीबी ने ऐसी अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीसीबी चीफ नजम सेठी ने कहा है कि बाबर तब तक राष्ट्रीय टीम के कप्तान बने रह सकते हैं, जब तक कि वो खुद कप्तानी छोड़ने का फैसला नहीं कर लेते। आपको बता दें कि 28 साल के बाबर आजम अभी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तीनों फॉर्मेट के कप्तान हैं।
सवालों के घेरे में हैं बाबर की कप्तानी
बाबर की कप्तानी पर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठ रहे हैं। खासकर एशिया कप 2022 और टी20 विश्व कप में हुई हार के बाद से बाबर को एक फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने की सलाह लगातार दी जा रही है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से बाबर को हटाना इस बात का संकेत है कि क्या उन्हें टी20 टीम की कप्तानी से हटाने की तैयारी है। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज का आगाज 25 मार्च से हो रहा है। यह सीरीज यूएई में खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए जो टीम घोषित हुई है, उसके कप्तान शादाब खान हैं।
बाबर हमारे टॉप क्लास बैट्समैन हैं- नजम सेठी
बाबर आजम की कप्तानी पर खतरे की बात को खारिज करते हुए नजम सेठी ने कहा है, "उनकी कप्तानी पर कोई खतरा नहीं है, वो तब तक हमारी राष्ट्रीय टीम के कप्तान बने रहेंगे, जब तक वो खुद तय नहीं कर लेते कि उन्हें किसी एक फॉर्मेट की कप्तानी करनी चाहिए या फिर तीनों फॉर्मेट का कप्तान रहना चाहिए। अगर बाबर तीनों फॉर्मेट के कप्तान बने रहना चाहते हैं तो इसमें पूरी तरह से उनकी मर्जी होगी।" नजम सेठी ने आगे कहा कि मैं बाबर का बहुत सम्मान करता हूं, वो हमारे टॉप क्लास बैट्समैन हैं और मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ युवाओं को आजमाने के हमारे फैसले का समर्थन किया है।












Click it and Unblock the Notifications