Travis Head: वर्ल्ड कप 2023 से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, टीम से बाहर हो सकता है ये विस्फोटक बल्लेबाज
ICC Men's Cricket World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है। वहीं मेजबान भारत अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। इस महासंग्राम से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने के बाद ट्रेविस हेड का खेलना मुश्किल लग रहा है।
दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे वनडे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद से अगले महीने होने वाले विश्व कप में हेड की भागीदारी मुश्किल में पड़ गई है। शुक्रवार को सेंचुरियन में चौथे वनडे के सातवें ओवर में प्रोटियाज सीमर गेराल्ड कोएत्जी की एक गेंद पर हेड के बाएं दस्ताने पर लग गई थी, जिसके बाद वह दर्द में नजर आए।

29 वर्षीय हेड इस मुकाबले में चोटिल होने के बाद काफी असहज दिखे और उन्हें रिटायर हर्ट होने के लिए मजबूर होना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने मैच के बाद कॉन्फ्रेंस में कहा कि 'यह एक निश्चित फ्रैक्चर है। चोट कितनी ज्यादा है इसके बारे में स्कैन के बाद ही आकलन किया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि, 'शनिवार को स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चलेगा। इसके बाद ही टीम मैनेजमेंट यह निष्कर्ष निकालेगा कि उन्हें पूरी तरह से ठीक होने और वापसी करने में कितना समय लगेगा। विश्व कप नजदीक है। मैं कोई मेडिकल का व्यक्ति नहीं हूं, लेकिन मुझे लगता है कि यह उनकी उंगली से थोड़ा ऊपर हाथ में है। लेकिन, हां, एक फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है और स्कैन के साथ फिर से आगे के बारे में सोचा जाएगा।'
दरअसल, हेड की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया की योजनाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं, जबकि भारत में 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले विश्व कप में केवल कुछ ही सप्ताह शेष रह गए हैं। यदि हेड विश्व कप की शुरुआत में चूक जाते हैं, तो मिशेल मार्श को इस साल की शुरुआत में भारत के खिलाफ सीरीज में टॉप पर लाया जा सकता है।
हालांकि, यदि हेड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाता है, तो ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता इन-फॉर्म मार्नस लाबुशेन को टीम में शामिल करने के बारे में सोच सकते हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया 8 अक्टूबर को चेन्नई में भारत से भिड़ेगा। टीम में बदलाव करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर है, जिसके बाद किसी भी बदलाव के लिए आईसीसी से मंजूरी की जरूरत होगी।
इस मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने 164 रन से जीत दर्ज की। पांच मैचों की सीरीज अब 2-2 से बराबर हो गई है। इसका निर्णायक मुकाबला 17 सितंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications