ऑस्ट्रेलियाई वर्ल्ड कप विजेता मैथ्यू वेड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, अब इस भूमिका में आएंगे नजर
ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मैथ्यू वेड (Matthew Wade) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। अब वे ऑस्ट्रेलियाई व्हाइट-बॉल टीम में कोचिंग की भूमिका में होंगे।
वेड पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए आंद्रे बोरोवेक के कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे और अगले हफ्ते मेलबर्न में शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी टीम का हिस्सा होंगे।

मैथ्यू वेड का अंतर्राष्ट्रीय करियर
13 वर्षों में वेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 36 टेस्ट, 97 वनडे और 92 टी20 मैच खेले हैं। उनका आखिरी प्रदर्शन ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान था, जिसकी मेजबानी यूएसए और वेस्टइंडीज ने की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संन्यास लेने के बावजूद, वेड की योजना तस्मानिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने और कम से कम दो और सत्रों के लिए होबार्ट हरिकेंस के साथ बिग बैश लीग में भाग लेने की है।
अपने करियर पर विचार करते हुए वेड ने कहा कि, 'मुझे पूरी तरह से पता था कि पिछले टी20 विश्व कप के अंत के साथ ही मेरे अंतर्राष्ट्रीय दिन समाप्त हो गए थे। पिछले छह महीनों में जॉर्ज बेली और एंड्रयू मैकडोनाल्ड के साथ मेरी अंतर्राष्ट्रीय रिटायरमेंट और कोचिंग के बारे में लगातार बातचीत होती रही है।
कोचिंग अवसरों के लिए आभार व्यक्त किया
वेड ने कोचिंग में हाल ही में मिले अवसरों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, 'कोचिंग पिछले कुछ सालों से मेरे रडार पर है और शुक्र है कि कुछ बेहतरीन अवसर मेरे सामने आए हैं, जिसके लिए मैं बहुत आभारी और उत्साहित हूं।'
सीईओ ने की वेड के योगदान की प्रशंसा
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने वेड के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि, 'मैथ्यू को बधाई, उनका अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है, जिसके दौरान उनके कौशल और बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें सभी फऑ में एक उत्कृष्ट खिलाड़ी बनाया है।" हॉकले ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वेड भविष्य के सितारों को मार्गदर्शन देकर अपना योगदान जारी रखेंगे।
वेड का टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ वर्ष 2019 में आया जब उन्होंने मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी की। बाद में उन्होंने 2020-21 में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की चुनौतीपूर्ण सीरीज के दौरान सलामी बल्लेबाज के रूप में कदम रखा। हालांकि यह कार्यकाल सफल नहीं रहा, लेकिन इसने उनकी टीम भावना को उजागर किया।
अपने विदाई संदेश में वेड ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और अपने साथियों को उनके पूरे करियर में उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, 'मेरे अंतरराष्ट्रीय करियर के खत्म होने के साथ ही मैं अपने सभी ऑस्ट्रेलियाई साथियों, स्टाफ और कोचों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनौतीपूर्ण सफर का भरपूर आनंद लिया।'
ये भी पढ़िए- टीम इंडिया को बड़ा झटका! बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले चोट के कारण बाहर हुआ स्टार पेसर
वेड ने कहा, 'मेरे आस-पास अच्छे लोग न होते तो मैं कभी भी उतना कुछ हासिल नहीं कर पाता जितना मैंने किया।" उन्होंने अपनी यात्रा में उनका साथ देने वालों का आभार भी व्यक्त किया।












Click it and Unblock the Notifications