T20 World Cup: क्यों ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अभ्यास मैच से रहे दूर, कोचिंग स्टाफ ने खेलकर 10 ओवर में जीता मैच
T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को अपना पहला अभ्यास मैच खेल लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अभ्यास मैच में धाकड़ जीत भी दर्ज कर ली। इसके अलावा कुछ ऐसा भी देखने को मिला, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। कंगारुओं ने अजीबोगरीब स्थिति के बाद मुकाबला जीत लिया।
ऑस्ट्रेलिया के पास नामीबिया के खिलाफ अभ्यास मैच में खेलने के लिए पूरे खिलाड़ी ही नहीं थे। टीम में खेलने के लिए ग्यारह नाम नहीं होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग स्टाफ को भी मैदान पर उतार दिया गया। इसके बाद धमाकेदार खेल देखने को मिला।

दरअसल आईपीएल में खेलने वाले कई खिलाड़ी ब्रेक पर हैं। वर्ल्ड कप से पहले उनको कुछ आराम करने की दरकार है, इस वजह से टीम में पूरे खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हो पाए थे। ऑस्ट्रेलिया के चीफ सलेक्टर जॉर्ज बैली, हेड कोच एंड्रू मैकडोनल्ड, फील्डिंग कोच आंद्रे बोरोवेक, बैटिंग कोच ब्रैड हॉज मैदान पर उतरे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने नामीबिया के खिलाफ इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। अहम खिलाड़ियों के बिना खेलकर भी कंगारुओं ने धमाका कर हर किसी को हैरान कर दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबियाई टीम ने 9 विकेट पर 119 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाबी पारी में खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 123 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। डेविड वॉर्नर ने 21 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली। उनके अलावा टिम डेविड ने भी 23 रन बनाए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने धांसू जीत दर्ज करते हुए दिखा दिया कि उनके पास कितनी गहराई और दमखम है। ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट की फेवरेट टीमों में से एक है।
गौरतलब है कि आईपीएल के फाइनल मैच में मिचेल स्टार्क केकेआर के लिए खेले थे। हैदराबाद की तरफ से कप्तान कमिंस खेल रहे थे। प्लेऑफ़ में आरसीबी के लिए ग्लेन मैक्सवेल भी खेल रहे थे। अलग-अलग टीमों से आईपीएल में खेलने वाले खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप के मुख्य मैचों से पहले थोड़ा रेस्ट चाहा है।












Click it and Unblock the Notifications