IND vs AUS: दूसरे टी20 में मिली हार पर ऑस्ट्रेलिया के कोच ने किया बड़ा खुलासा, जानें किसे ठहराया जिम्मेदार
India vs Australia, 2nd T20I: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी-20I सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत ने 44 रनों से जीतकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन बनाए, लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 191 रन ही बना सकी। इस मैच को लेकर अब ऑस्ट्रेलियाई कोच आंद्रे बोरोवेक ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दूसरे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जयसवाल ने महज 25 गेंदों में 53 रन बनाकर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी। इसके बाद ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने भी अर्धशतकीय पारी खेलकर स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया।

रिंकू सिंह ने एक बार फिर टीम इंडिया के लिए आखिर में शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 9 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में रवि बिश्नोई और प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए, जिसके कारण टीम इंडिया आसानी से मैच जीत गई।
ऑस्ट्रेलिया की हार के लिए कोच ने किसे ठहराया जिम्मेदार
ऑस्ट्रेलिया की हार के कोच आंद्रे ने कहा कि, 'अगर आप गेंदबाजी को देखें, तो अच्छी लाइन थी। हम पहले छह ओवरों में बढ़त नहीं बना पाए। इस तरह की परिस्थितियों में प्लानिंग और इरादों के साथ मैदान पर जाना होता है। जरा सी गलती भारी पड़ सकती है। हम सही निर्णय तो ले रहे हैं, लेकिन सही समय पर एक्जीक्यूट नहीं कर रहे हैं।'
भारत के 236 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। एक समय उनकी स्थिति 58/4 के स्कोर पर बेहद खराब थी। इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (25 गेंदों में 45, दो चौकों और चार छक्कों की मदद से) और टिम डेविड (22 गेंदों में 37, चार चौकों और दो छक्कों की मदद से) के बीच 81 रनों की साझेदारी ने भारत को जरूर कुछ देर के लिए खतरे में डाल दिया, लेकिन मेन इन ब्लू ने उन्हें कड़ी चुनौती दी। ऑस्ट्रेलिया को 20 ओवर में 191/9 पर रोक दिया।












Click it and Unblock the Notifications